- पार्किंग के विरोध में पांच नवंबर को व्यापारियों ने किया था बंद

- आश्वासन के बाद फिर से शुल्क वसूलने से व्यापारी आक्रोशित

आगरा। संजय प्लेस में पार्किंग को लेकर व्यापारियों के बाजार बंद के बाद कुछ दिन पार्किंग का मामला ठंडा रहा। मगर, दो दिन से फिर से पार्किंग शुल्क वसूली की शिकायतें आने से व्यापारी परेशान हैं।

संजय प्लेस में पार्किंग शुल्क वसूली के विरोध में पांच नवंबर को बाजार बंद रखा था। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने पार्किंग विवाद में कोर्ट का निर्णय आने तक कोई शुल्क न वसूलने का आश्वासन दिया था। एक सप्ताह तक तक तो सब ठीक चला। मगर, दो दिन से कई जगह फिर से पार्किंग शुल्क वसूलने की शिकायत व्यापारियों को मिल रही हैं। शनिवार को रमन टावर में कुछ युवक हाथ में पर्ची लेकर खडे़ थे। इसके बाद व्यापारियों को मारुति प्लाजा में भी पार्किंग शुल्क वसूलने की सूचना मिली। व्यापारियों ने इसका विरोध किया। उन्होंने शुल्क वसूलने वालों से आदेश की कॉपी मांगी। विरोध के चलते ठेकेदार चला गया। मगर, रविवार को फिर कई ब्लॉक में ठेकेदार के कर्मचारी पार्किंग शुल्क वसूलते दिखे। आश्वासन के बाद भी पार्किंग शुल्क वसूलने से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने इस संबंध में मेयर से भी बात की, लेकिन उनकी ओर से कोई सकारात्मक उत्तर नहीं मिला। संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव हीरेन अग्रवाल का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद भी पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। इस मामले को लेकर 19 नवंबर को कोर्ट में तारीख है। उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।

एसएसपी से मिलेंगे व्यापारी

पार्किंग के साथ संजय प्लेस के व्यापारी एसोसिएशन के कार्यालय को लेकर भी परेशान हैं। संजय प्लेस पुलिस चौकी में व्यापारियों का कार्यालय था। व्यापारियों ने बताया कि इस चौकी का निर्माण व्यापारियों ने मिलकर कराया था। उनके कार्यालय में पुलिस ने अपना सामान रख दिया है। इसको लेकर वह सोमवार को एसएसपी से मिलेंगे।

Posted By: Inextlive