- आते-जाते कूड़े की बदबू से परेशान होती है आम पब्लिक

- बिस्कोमान गोलंबर की ओर जाने वाले रोड का है मामला

PATNA CITY : शहर दिन-ब-दिन कूड़ा घर के रूप में तब्दील होते जा रहा है, पर बेपरवाह निगम को इस बात की जरा भी परवाह नहीं। तभी तो शहर के बीचों बीच कूड़े गिराए जा रहे हैं। वो भी वैसे जगह पर जहां 24 घंटे लोगों का आना-जाना होता है। हम बात कर रहे हैं अगमकुआं से बिस्कोमान गोलंबर की ओर जाने वाले रोड की। नगर निगम की मेहरबानी से रोड की हालत ऐसी है कि दोनों साइड कूडे़ की ढेर लगी हुई है, जिसमें लोगों के घरों का कूड़ा, हॉस्पीटल, नर्सिग होम सहित केमिकल गार्वेज वाले कूड़े शामिल हैं। इस पूरे एरिया में सड़ांध सी बदबू फैल रही है, जिससे लोगों का सड़क पर चलना दूभर हो रहा है। हर दिन शहर के अलग-अलग हिस्सों से कूड़े उठाने के बाद बड़े टीपर से शहर के बीच स्थित इस रोड पर कूड़े को गिरा दिया जाता है।

लोगों की सेहत से खिलवाड़

नगर निगम के टीपर जिस जगह पर डेली कूड़ा गिराते हैं, वहीं पास में अगमकुआं की सब्जी मंडी है। जहां से लोग डेली हरी सब्जियों की खरीददारी करते हैं। वहीं पर शीतला मंदिर भी है। मंदिर के कारण खुले में ही प्रसाद और फल भी बेचे जाते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों की सेहत पर इसका क्या असर पड़ रहा होगा? नगर निगम लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा है।

पास में हैं कई हॉस्पीटल

सब्जी मंडी से थोड़ी दूर आरएमआरई, एनएमसीएच और रेलवे लाइन के पार प्राइवेट हॉस्पीटल हैं। बीमार पेशेंट हॉस्पीटल में ठीक होने जाते हैं, लेकिन नगर निगम की वजह से उनकी पेशेंट की सेहत में जल्द सुधार नहीं आता, क्योंकि हॉस्पीटल के पास में कूड़े की ढेर होने की वजह से पेशेंट को स्वच्छ हवाएं नहीं मिल पाती।

एक्सीडेंट का रहता है डर

सड़क पर फैले कूड़े के ढेर से एक्सीडेंट का भी खतरा बना रहता है। बिस्कोमान गोलंबर से गांधी सेतु व गाय घाट की ओर रास्ता जाता है। जहां दोनाें तरफ से गाडि़यां काफी स्पीड में निकलती हैं। रोड की चौड़ाई कम होने से एनी टाइम एक्सीडेंट का डर बना रहता है।

बारिश में जम जाता है पानी

लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना बारिश के दिनों में करना पड़ता है। रोड के दोनों साइड कूड़े के ढेर लगे होने से पानी की निकासी नहीं हो पाती। ऐसे में हल्की बारिश के बाद भी रोड पर पानी जम जाता है।

नगर निगम के रवैये से क्षेत्र के सभी लोग काफी परेशान हैं। हमें बिस्कोमान कॉलोनी से सब्जी खरीदने अगमकुआं आना पड़ता है। कूड़े से इतनी खराब बदबू आती है कि लोग बेहोश हो जाए।

- अनिता सिंह, बिस्कोमान कॉलोनी

हमें बारिश के दिनों में काफी परेशानी होती है। पूरे रोड पर बारिश का पानी जमा हो जाता है। मजबूरन इसी रास्ते से हमें कूड़े-कचड़े के बीच जमे बारिश के पानी में घूस कर आना-जाना पड़ता है।

- रेखा देवी, बिस्कोमान कॉलोनी

हर मौसम में हमें परेशानी झेलनी पड़ती है। गर्मी और ठंड के मौसम में कूड़े की बदबू से परेशानी होती है, जबकि बारिश के दिनों में कूड़े की बदबू के बीच जमे हुए गंदे पानी में हमें घुस कर जाना पड़ता है।

- राजा राम प्रसाद, बिस्कोमान कॉलोनी

नगर निगम की वजह से पॉल्यूशन काफी बढ़ रहा है। कूड़े में ईट-पत्थर भी होते हैं, जो रोड अक्सर रोड पर रहते हैं। इस कारण हमेशा एक्सीडेंट का भी डर बना रहता है।

- विद्या सागर, मुसल्लहपुर हाट

Official stand

जिस जगह की बात की जा रही है, वो नगर निगम का ट्रांसफर ग्राउंड है। शहर के कूड़े पहले वहीं गिराए जाते हैं, फिर बाद में वहां से कूड़े को बैरिया ट्रांस्फर किया जाता है। निगम की गाड़ी डेली वहां से कूड़ा ट्रांस्फर करती है। जहां तक बारिश के दिनों की बात है तो वहां पर नाला बनाने का प्लान है। जिस पर जल्द ही कार्रवाई होगी।

- अजय कुमार, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, पटना सिटी सर्किल

Posted By: Inextlive