-गुरुद्वारा नानक सतिसंग सभा कोहाड़ापीर से निकाला गया नगर कीर्तन

-पहली बार आरएएफ की निगरानी में निकला गया नगर कीर्तन

बरेली : खालसा पंथ के दशमेश पिता धन्न धन्न साहिब गुरु गोविंद सिंह के पावन प्रकाश के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन निकाला गया। पंजाब तरन-तारन साहिब से आए निशान-ए-खालसा गतका के हैरतअंगेज युद्ध कौशल देखकर लोग दंग रह गए। तलवार लहराना हो या मुंह से कांच की रॉड चबाना, लोहे की कीलों के बीच ईंट या वर्फ तोड़ना यह कुछ ऐसे कारनामे थे जो सिर्फ गुरु कृपा पात्र ही कर सकता है।

पंज प्यारों ने की अगुवाई

खलासा पंथ सुखमनी सेवा सोसाइटी की ओर से पंच प्यारों और गुरु ग्रंथ साहिब की अगुआई में गुरुद्वारा नानक सतिसंग सभा कोहाड़ापीर से नगर कीर्तन निकाला गया। सबसे आगे रंजीत नगाड़ा चल रहा था। एक जीप में कपूरथला से आए सुखजीत सिंह, गियानी मेजर सिंह और गियानी रविंदर सिंह खालसा इतिहास के बारे में बताते चल रहे थे। उसके पीछे बाबा दीप सिंह गतका और शेरे खालसा गतका गु्रप के बालक-बालिकाओं ने युद्ध कौशल करते चल रहे थे। बैंड की धुन पर अखंड कीर्तन जत्था, सिक्ख मिशनरी कॉलेज, स्त्री सत्संग सभाएं और पंजाब के आए कविशरी जत्थे के द्वारा गुरुवाणी के निकलते शब्दों ने पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया। बाल मार्च करते बच्चे और स्त्री-पुरुष, गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के आगे झाडू लगाते, पानी की फुहारों और पुष्प वर्षा करते चल रहे थे। घुड़सवार निहंग सिंह, पैदल निहंग सिंह ने नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। इस दौरान मालिक सिंह कालरा, परमजीत सिंह, हरवंत पाल सिंह, तिरलोचन सिंह, परविंदर सिंह, राजेश साहनी आदि ने सहयोग किया।

आरएएफ की रही निगरानी

खालसा समुदाय की वीरता से हर कोई परचित हैं। लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पहली बार रैपिड एक्शन फोर्स आरएएफ की निगरानी में निकाला गया। जो कोहाड़ापीर से कुतुबखाना, पंजाबी मार्केट, कोतवाली, पटेल चौक होता हुआ गुरुद्वारा पंजाबी सतिसंग सभा सिविल लाइंस पर पहुंचा। अंत में गुरू का अटूट लंगर हुआ।

दो जनवरी को सजेगा मुख्य दीवान

सेंट्रल गुरपर्व कमेटी के महासचिव गुरदीप सिंह बग्गा ने बताया कि एक जनवरी को रात्रि में गुरुद्वारा गुरु नानक सतिसंग सभा में कीर्तन दरवार होगा। दो जनवरी को बिशप मंडल इंटर कॉलेज में मुख्य दीवान सजाया जाएगा।

पंजाबी महासभा ने किया स्वागत

बैंड बाजों, नगाड़ों, घुड़सवारी और कीर्तन जत्थों से सुसज्जित नगर कीर्तन के गुजरते हर रास्ते पर श्रद्धालुओं ने फूल बरसा कर स्वागत किया गया। पंजाबी महासभा ने कुतुबखाना सब्जी मंडी पर नगर कीर्तन पर पुष्प वर्षा की। संजय आनंद, देवराज चंडोक, अमित अरोरा आदि ने दीवान पर माथा टेका।

Posted By: Inextlive