- राहगीर और गरीबों का सहारा बन रहे शहर के लोग

- पुलिस और नगर निगम कर्मचारी बांट रहे फल और खाना

- कोरोना के खतरे के बीच शहर में जगह-जगह दिखी मानवता

Meerut । एक तरफ जहां शहर से लेकर देहात तक चारों तरफ कोरोना का खौफ है। शहर के चौराहों से लेकर सड़कों तक सन्नाटा पसरा है। 21 दिन के लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में कैद हो गए हैं। हालत यह है कि कामकाज ठप होने से मजदूर वर्ग के लोग पैदल ही सड़कों पर अपने घरों की ओर चल पड़े हैं। अब उनके पास न रहने को मकान है और न ही खाने का इंतजाम। ऐसे में शहर की कई सामाजिक संस्थाएं ऐसे लोगों की मदद को आगे आई हैं। इनमें ना केवल सामाजिक संस्था बल्कि पुलिस, नगर निगम, डॉक्टर व अन्य विभागों के कर्मचारी बढ़ चढ़कर आगे आ रहे हैं।

कर्मचारियों की मुसीबत

जैसे-जैसे लॉकडाउन की अवधि बढ़ रही है। शहर में ऐसे लोगों की समस्या बढ़ रही है, जो रोजाना मेहनत मजदूरी करके खाते हैं। ऐसे में ये लोग जिनमें रिक्शा चालक, मजदूर, मिल कर्मी, लेबर, भिखारी आदि हैं। ऐसे लोग दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा से भूखे प्यासे अपने गांवों की तरफ जा रहे हैं। उनके लिए इस लॉकडाउन के कारण खानपान का सामान जुटाना मुसीबत बन गया है। हालांकि, प्रशासन ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है। शहर की एनजीओ से लेकर सरकारी व प्राइवेट कर्मचारी भी आगे आ गए हैं ऐसे में शुक्रवार को शहर में जगह जगह मानवता के अलग अलग रुप देखने को मिले।

पुलिस बनी मददगार

देश में लॉक डाउन होने के बाद पुलिस पूरी तरह से मददगार बनकर काम कर रही है। अधिकारी से लेकर पुलिसकर्मी तक असहाय और गरीबों की मदद कर रहे है। एसओ सदर बाजार ने रेलवे रोड और सदर क्षेत्र में असहाय और गरीबों को फूड पैकेट देकर मदद की गई। एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता ने फूड के पैकेट रेलवे रोड समेत कई एरिया में बांटे।

एडीजी ने बांटा सामान

इसके साथ ही एडीजी प्रशांत कुमार ने आर्मी एरिया में मध्यप्रदेश से आए मजदूरों को खाने का सामान वितरित किया। फूड पैकेट और फलों का वितरण एडीजी ने किया। इसके अलावा डीएम अनिल ढींगरा ने भी मलिन बस्तियों और असहाय लोगों की मदद पूरे जिले भर में की। कोतवाली इंस्पेक्टर देवेश शर्मा ने भी लोगों की मदद पूरी तरह से की।

नगर निगम की टीम ने बांटे फल

नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की टीम ने सुपरवाइजर सुनील मनोठिया के नेतृत्व में शहर की सड़कों बेसहारा भिखारियों से लेकर अपने शहर के पलायन कर मेरठ से गुजर रहे राहगीरों को फल व अन्य खाद्य सामग्री बांटी। इसके लिए निगम टीम के कर्मचारियों ने अपने वेतन से पैसा जोड़कर फल खरीदे।

फाजलपुर में बांटा सामान

शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य यूथ ब्रिगेड ने खटिकपुरा और फाजलपुर में जरूरतमन्द लोगो को मास्क और सेनेटाइजर बांटे। इस मुहिम में संस्था की तरफ से सुनीता सिंह समेत थाना प्रभारी बी के राणा ने भी सहयोग किया।

मलिन बस्तियों में बांटे फूड पैकेट

मेरठ स्कूल्स फेडरेशन ने सीसीएस यूनिवर्सिटी रोड पर मलिन बस्तियों में जाकर 400 फूड पैकेट बांटे। इनमें आटा, चावल, नमक, दाल, हल्दी, मसाले, सरसों का तेल जैसी जरुरी चीजें दी गई। इस दौरान एडीजी प्रशांत कुमार मौके पर मौजूद रहे।

खिचड़ी का वितरण किया

ब्रह्मपुरी निवासियों ने शुक्त्रवार कों शहर के विभिन्न स्थानों पर गरीबों को खिचड़ी का वितरण किया। वितरण करनें वालों में हिन्दू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अंकित शर्मा, अरुण गुप्ता, देवेंद्र शर्मा, जयकिशन मित्तल, शिवम गुप्ता, सिद्धात जैन आदि ने अलग-अलग जाकर लोगों कों खिचड़ी वितरित की।

सभी पुलिसकर्मियों को मदद करने के आदेश दिए हैं। गरीब और असहाय लोगों का विशेष रूप से ध्यान रखें। इसके साथ सामाजिक संस्थानों को भी ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए।

- प्रशांत कुमार, एडीजी

Posted By: Inextlive