कठघरे में घिरी पुलिस हिंसा की आड़ में बिहियां में महिला को भीड़ ने घुमाया नंगा पुलिस बनी रही मूक दर्शक।

patna@inext.co.in
PATNA : हिंसा की आड़ में मानवता को शर्मसार कर देने वाली भीड़ के आगे कानून बेबस दिखा। जिस महिला को नंगाकर भीड़ में शामिल लोगों ने बिहियां में घुमाया इससे वह महिला ही नहीं, कानून भी नंगा हो गया। इस दौरान पुलिस मूक दर्शक बन खड़ी रही। स्थिति यह थी कि पुलिस ये तेरा क्षेत्र, ये मेरा क्षेत्र के चक्कर में उलझी पुलिस के चक्कर में सोमवार को बिहियां में उग्र भीड़ ने खुलेआम तांडव मचाया। यदि जीआरपी और बिहियां थाने की पुलिस क्षेत्राधिकार में नहीं उलझती और समय से मौके पर पहुंचती तो भीड़ उग्र नहीं होती और समय रहते हिंसा पर उतारू भीड़ को काबू में कर लिया जाता। राज्य पुलिस मुख्यालय ने स्वीकार किया है कि बिहिया में एक किशोर की हत्या के बाद दो थानाक्षेत्रों के विवाद ने वीभत्स रूप ले लिया। इस मामले में कुल आठ पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को निलंबित किया गया है। निलंबित होने वालों में बिहिया जीआरपी थानाध्यक्ष के साथ एक पुलिस अवर निरीक्षक व एक हवलदार के अलावा बिहिया थानाध्यक्ष व चार सिपाही शामिल हैं।
राजद नेता समेत 15 गिरफ्तार
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) एसके सिंघल ने बताया कि इस मामले में बिहिया थाने में कुल तीन प्राथमिकियां दर्ज कराई गई हैं। एक किशोर की हत्या मामले में, दूसरी महिला को निवस्त्र कर घुमाने तथा तीसरी उग्र भीड़ द्वारा पुलिस बल पर हमला करने के मामले में। सिंघल ने बताया कि विमलेश नामक किशोर का शव दोपहर 12।30 बजे बरामद हुआ था। उसी समय बिहिया जीआरपी व बिहिया थाने को इसकी जानकारी मिल गई थी। लेकिन बिहिया जीआरपी और बिहिया थाना के बीच क्षेत्राधिकार के विवाद में उपद्रवी तत्वों को हंगामा करने तथा महिला के घर पर हमला करने का मौका मिल गया। सिंघल ने बताया कि इस मामले में कौशल किशोर यादव उर्फ किशोरी यादव जो बिहिया के ही जमुआ का रहने वाला है, गिरफ्तार कर लिया गया है। कौशल किशोर यादव राजद का नेता बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है।

गिरफ्तार लोगो से हुई पूछताछ
बिहिया में युवक की हत्या के बाद हुए उपद्रव और इस दौरान एक दलित महिला को नंगा कर घुमाए जाने के मामले को ले जांच के सिलसिले में मंगलवार को जिलाधिकारी व एसपी बिहिया थाना पहुंचे। अधिकारी द्वय ने इस संबंध में सुरक्षा की दृष्टिकोण से थाना में रखी गयी दुर्व्यवहार की शिकार दलित महिला और इस मामले में गिरफ्तार लोगो से पूछताछ की। उनके साथ जिला कल्याण पदाधिकारी, डीपीआरओ तथा महिला हेल्प लाइन की सदस्य के अलावें काफी संख्या में पुलिस बल के जवान भी बिहिया पहुंचे थे। बाद में अधिकारी रेड लाईट एरिया स्थित घटनास्थल भी गए और स्थिति का मुआयना किया। सोमवार को शाहपुर थाना क्षेत्र के दमोदरपुर निवासी गणेश साह के 17 वर्षीय पुत्र विमलेश कुमार साह की हत्या कर दी गई थी जिसका शव रेड लाईट एरिया के समीप पड़ा हुआ पाया गया था। शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद अधिकार क्षेत्र के विवाद में न तो पुलिस पहुंची न ही जीआरपी। इसके बाद लोगो में जो गुस्सा फूटा वह देखते ही देखते बड़ा उपद्रव का रूप ले लिया।
दुकानों और मकानों में लगा दी थी आग
उपद्रवियों ने रेड लाईट एरिया के कई घरों, दुकानों को आग के हवाले कर दिया, तोडफ़ोड़ की, पुलिस पर पथराव किया। उपद्रवियों ने एक शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम देते हुए रेड लाईट एरिया में रहने वाली एक दलित महिला को नंगा कर सरेआम घुमाया। पर पुलिस कुछ नहीं कर सकी। उपद्रवी पुलिस पर भारी पड़ते रहे। बाद में एसपी और आठ थाने की पुलिस और जिला से अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने और हवाई फायर करने के बाद देर शाम उपद्रवी भागे।
तीन मामले दर्ज
बहिया में हुई युवक की हत्या और उपद्रव को लेकर आगजनी, हत्या और महिला के साथ दुव्र्यवहार के मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। महिला के साथ दुव्र्यवहार के मामले में 15 नामजद तथा 60 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इस मामले में जमुआ के किशोरी यादव सहित 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगजनी से संबंधित मामले में 7 नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड दर्ज किया गया है।
दोषी बख्शे नहीं जाएंग
युवक की हत्या गला दबा कर की गई है। इसका खुलासा अंत्यपरीक्षण के रिपोर्ट से हुआ है। एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि महिला से दुर्व्यवहार किए जाने के मामले में वीडियो फुटेज के आधार पर फिलहाल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनकी पहचान पीडि़त महिला ने की है। फुटेज के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जा रहा है और गिरफ्तारी के लिए छापामारी चल रही है। दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।

मौसम का मिजाज देखकर ही करें प्लान, यूपी समेत इन 13 राज्यों में आज झमाझम बारिश!

अलर्ट! उत्तर और मध्य भारत में आज भारी बारिश के आसार

Posted By: Mukul Kumar