जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को भाजपा नेता जसबीर सिंह के घर पर ग्रेनेड हमले की निंदा की और कहा कि अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। ग्रेनेड हमले में 4 साल के बच्चे की मौत हो गई और भाजपा नेता समेत सात अन्य घायल हो गए।


नई दिल्ली (एएनआई)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के खंडली चौक स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह के आवास पर गुरुवार रात हुए ग्रेनेड हमले में 4 साल के बच्चे की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। सभी घायल व्यक्ति भाजपा नेता के परिवार के सदस्य हैं, जिनमें वह भी शामिल हैं। इस घटना पर दुख जताते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट किया है कि राजौरी में एक राजनीतिक नेता के घर में हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं जिसमें एक बच्चा मारा गया और अन्य घायल हो गए। परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। इस जघन्य कृत्य के अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।भाजपा नेता जसबीर सिंह के घर पर ग्रेनेड हमला
इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी हमले की कड़ी निंदा की और स्थानीय प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की। जेपी नड्डा ने ट्वीट किया, जम्मू-कश्मीर के राजौरी के खंडली इलाके में भाजपा नेता जसबीर सिंह के घर पर ग्रेनेड हमला। मैं आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं और स्थानीय प्रशासन से इस पर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं। पूरी भाजपा जसबीर सिंह और अन्य घायल लोगों के साथ खड़ी है। राजौरी के उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने इस संबंध में न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। ग्रेनेड हमले की घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे हुई।भाजपा नेता का घर सड़क किनारे है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

Posted By: Shweta Mishra