जयपुर की कंपनी से होगा करार, लेडीज के लिए सुरक्षित सफर की पहल

एसओएस कॉल और पैनिक बटन का भी किया जा रहा है प्रावीजन

PRAYAGRAJ: स्मार्ट सिटी बनने जा रहे प्रयागराज में महिलाओं को सुरक्षित सफर मुहैया कराने की पहल शुरू हो गई है। इसके लिए सिटी में पिंक ई रिक्शा के संचालन की व्यवस्था की जा रही है। यह रिक्शा खूबसूरत होने के साथ सिक्योरिटी फीचर्स से लैस होंगे। जिससे जरा भी दिक्कत होने पर महिला तत्काल पुलिस को जानकारी दे सके। जल्द ही यह सुविधा सिटी में उपलब्ध हो जाएगी।

महिलाएं करेंगी ड्राइव

इस ई रिक्शा को केवल महिलाएं ही ड्राइव करेंगी। इसे पिंक कलर से पेंट किया जाएगा और इसका कांसेप्ट जयपुर से लिया गया है। वहां पर टूरिज्म के लिहाज से महिलाओं के लिए अट्रेक्टिव ई रिक्शे का संचालन किया जाता है। लेकिन यहां पर पिंक ई रिक्शे को सिक्योरिटी फीचर्स से लैस किया जाएगा। इसमें एसओएस कॉल के साथ पैनिक बटन भी लगाई जाएगी। जिससे मुसीबत आने पर बिना मोबाइल फोन भी महिला अपने बचाव का रास्ता ढूंढ सके। अलावा अन्य सिक्योरिटी फीचर्स की तलाश में अधिकारी लगे हैं।

हर प्वाइंट पर होगी तैनाती

ई रिक्शों को विभिन्न प्वाइंट पर तैनात किया जाएगा। इनमें स्कूल- कॉलेज और शहर की मेन मार्केट शामिल होंगी। पिंक ई रिक्शा में पिक एंड ड्राप की सुविधा भी दी जाएगी। जीपीएस के जरिए प्रत्येक ई रिक्शा की लोकेशन भी कंट्रोल रूम में ली जाती रहेगी। इससे पता चलेगा कि कौन सा वाहन कहां पर चल रहा है। जानकारी के मुताबिक सिटी में पांच सौ की संख्या के आसपास ऐसे ई रिक्शे चलाए जाएंगे।

कम ट्रैफिक वायलेशन

अधिकारियां का कहना है कि शहर में ट्रैफिक वायलेशन काफी बढ़ गया है। खासकर महिलाओं के साथ आए दिन होने वाली घटनाओं की संख्या बढ़ रही है। इस पर रोक लगाने के लिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं। इससे महिलाओं के लिए अलग से साधन उपलब्ध होगा और उन्हे कॉमन ट्रांसपोर्ट से निजात मिल जाएगी। इसके बाद उनके साथ होने वाली घटनाओं में भी कमी आएगी। वह खुद कसे सुरक्षित महसूस करेंगी। चूंकि इन ई रिक्शा का लाइसेंस महिलाओं के नाम से दिया जाना है इसलिए एक नए रोजगार का भी सृजन होगा।

स्मार्ट सिटी के तहत पिंक ई रिक्शा का कांसेप्ट लाया जा रहा है। इसके लिए जयपुर की एक कंपनी से बात हो रही है। शहर के स्कूल कॉलेजेस और मार्केट में तैनात यह ई रिक्श महिलाओं को सुरक्षित सफर मुहैया कराने का काम करेंगे।

विपिन कुमार,

असिस्टेंट मैनेजर, स्मार्ट सिटी लिमिटेड प्रयागराज

Posted By: Inextlive