- संस्कार भारती के माघ मेले में चल रहे कार्यक्रम में दिखी उत्तराखंड की संस्कृति

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: संस्कार भारती की ओर से माघ मेले में चल रहे अवलोकन तीरथराजु चलो कार्यक्रम में मंगलवार की शाम उत्तराखंड के कलाकारों के नाम रही। इस मौके पर लोक कलाकारों ने मोहक प्रस्तुतियां देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों ने गीत, भजन और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर लोगों को भाव विभोर कर दिया। इसके पहले संस्कार भारती के अखिल भारतीय महामंत्री अमीर चन्द्र ने प्रोग्राम का शुभारंभ किया। प्रयागराज की विख्यात लोकगीत गायिका रंजना त्रिपाठी ने गंगा स्तुति प्रयाग नगरी बसे संगम के तीरे से किया। शिव स्तुति के बाद उन्होंने चैती पिय मोरी चुनरी रंगाय दा हो रामा की मोहक प्रस्तुति दी।

मथुरा के कलाकारों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रम के मौके पर मथुरा से आई फेमस लोकगायिका डॉ सीमा मोरवाल ने श्रीकृष्ण वंदना मेरो बांके बिहारी लाल, मन रखियो अपने चरणों में.से अपने भजन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मेरो कान्हा उलटि ना जावे सखि, धीरे झुलैयो पालना और मत मारे दृगन की चोट, ओ रसिया होरी में, मोहे रंग जाएगी गाकर पूरा वातावरण ब्रजमय और श्रीकृष्ण भक्तिमय कर दिया। इसके बाद उत्तराखंड के अल्मोड़ा से आई नीमाचन्द्रा और उनके 15 साथी कलाकारों ने गणेश वंदना नृत्य के बाद छपैली, झोड़ा एवं चाचंड़ी नृत्य पेश किया। सिटी के फेमस बिरहा गायक अभयराज यादव ने बिरहा से पूरा माहौल जोश से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र मिश्र ने किया।

Posted By: Inextlive