सोशल मीडिया पर चर्चा में आए 'Boys Locker Room' के खिलाफ न्यायिक जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। ब्वॉयज लॉकर रूम एक इंस्टाग्राम ग्रुप है जो टीनएज लड़कों द्वारा चलाया जाता है। इसमें लड़कियों के खिलाफ अश्लील बातें और फोटो शेयर की जाती हैं।

नई दिल्ली (आईएएनएस)। विवादास्पद 'ब्वॉयज लॉकर रूम' इंस्टाग्राम चैट ग्रुप स्कैंडल को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। इस चैट ग्रुप में बलात्कार को बढ़ावा देने की बात कही जाती है साथ ही कम उम्र की लड़कियों की अश्लील तस्वीरें भी शेयर की जाती हैं। इस चैट के कुछ स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर जब सामने आए, तो हंगामा मच गया। इसमें कई लड़कों को कथित तौर पर टीनएज लड़कियों की अश्लील तस्वीरें साझा करते हुए देखा गया। साथ ही इन लड़कों की चैट में 'सामूहिक बलात्कार' की योजना बनाने की बात भी सामने आई है।

महिलाओं के सार्वजनिक उत्पीडऩ का मंच

दो दिन से इस चैट ग्रुप को लेकर सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है। अब तो मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। एडवोकेट आनंद वर्मा और कौस्तुभ प्रकाश और शुभांगी जैन ने देश के सर्वोच्च अदालत में पिटीशन दाखिल की है। इस याचिका में कहा गया कि, सोशल मीडिया के जरिए जहां कम्यूनिकेशन आसान हुआ है, साथ ही यह विशेष रूप से महिलाओं के सार्वजनिक उत्पीडऩ का एक मंच बन गया है।

दिल्ली के लड़कों द्वारा चलाया जा रहा था ग्रुप

'ब्वॉयज लॉकर रूम' से कथित रूप से दिल्ली के प्रतिष्ठित स्कूलों के कुछ टीनएज लड़कों द्वारा चलाया जा रहा है। इस ग्रुप में कई लड़के शामिल हैं। ये सभी चैट में कथित रूप से लड़कियों की अश्लील तस्वीरें शेेयर करते हैं और उन्हें ऑनलाइन जारी करने की धमकी देते हैं।याचिकाकर्ताओं ने शीर्ष अदालत से इसकी न्यायिक जांच कराने का आग्रह किया है। याचिका में लिखा गया, यह घटना न केवल महिलाओं की निजता, सुरक्षा और कल्याण के मुद्दे को उठाती है, बल्कि उन किशोरियों की संवेदनशीलता और परामर्श के लिए भी है जो इस तरह के आचरण में लिप्त हैंं।

पुलिस ने एक लड़के को लिया हिरासत में

दिल्ली पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस के साइबर सेल ने मंगलवार को एक लड़के को हिरासत में लिया। वहीं इस ग्रुप में जुड़े 22 अन्य लड़के फिलहाल गायब हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari