- परिजनों ने मारुति एस्टेट चौराहे पर शव रखकर लगाया जाम

- जमकर किया हंगामा, टोरंट पॉवर के खिलाफ भी केस दर्ज

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में पोल में आ रहे करंट ने प्लम्बर की जान ले ली। मृतक के परिजनों ने शव रखकर मारुति एस्टेट चौराहे पर जाम लगा दिया। जमकर हंगामा किया। भवन स्वामी व टोरंट पॉवर के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

दो साथियों के साथ गया था

जय नगर अलबतिया रोड, जगदीशपुरा निवासी मनोज उर्फ मंगतू (30) नल फिटिंग का काम करता था। गुरुवार सुबह आठ बजे वह क्षेत्र के विजय सिंह व सतीश के साथ मारुति एस्टेट चौराहा शनिदेव मंदिर के पास बल्देव चावला उर्फ काका के मकान में काम करने गया था। तीनों ने शाम छह बजे तक काम खत्म कर दिया। मनोज ने रुपये मांगे इस पर काका ने दो घंटे और काम करने को कहा।

सपोर्टिग वायर में आ रहा था करंट

परिजनों ने बताया कि काका ने पत्थर उठा कर दूसरी जगह रखने को कहा था। मनोज पत्थर उठा कर दूसरी जगह रख रहा था। वहीं, एक विद्युत पोल भी था। इस पर सपोर्टिग वायर लगा था। वायर में करंट आ रहा था। मनोज करंट की चपेट में आ गया। साथी सतीश ने फावड़े से उसे अलग कर दिया। वह जमीन पर छटपटाने लगा। साथी उसे लेकर निजी हॉस्पिटल दौड़े, वहां चिकित्सकों ने मना कर दिया। इसके बाद उसे एसएन हॉस्पिटल लाए, यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव रख कर लगा दिया जाम

गुरुवार रात दो बजे परिजन शव लेकर सड़क पर आ गए। मारुति एस्टेट चौराहा पर शव रख कर जाम लगा दिया। हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण किया। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। पिता रतन लाल की तहरीर पर पुलिस ने भवन स्वामी व टोरंट के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों के मुताबिक मृतक की एक डेढ़ साल की बच्ची वैष्णवी है। पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है।

Posted By: Inextlive