प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में आज यजुर्वेद के एक श्लोक 'वयं राष्ट्रे जागृत्य:' बोलते हुए लोगों को इसका अर्थ बताया। पीएम ने कोरोना को रोकने लिए लाॅकडाउन की अवधि बढ़ाते हुए लोगाें से इसका पालन करने की अपील की।

नई दिल्ली (एएनआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में यजुर्वेद के एक श्लोक का भी जिक्र किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने यजुर्वेद के एक श्लोक 'वयं राष्ट्रे जागृत्य:' का अर्थ भी बताया। पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी अपने राष्ट्र को शाश्वत और जागृत रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह 10 बजे राष्ट्र को संबोधित किया। इस दाैरान पीएम मोदी ने 25 मिनट के लंबे भाषण में 3 मई तक लॉकडाउन के विस्तार की घोषणा की। राष्ट्र को संबोधित करते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना वायरस से बचाव में एक पारंपरिक 'गमछा' के साथ अपने मुंह और नाक को ढंके हुए दिखे। पीएम ने लोगों से लाॅकडाउन का पूरा पालन करने की भी अपील की।

20 अप्रैल के बाद कुछ शर्तों संग यहां शुरू होंगी महत्वपूर्ण गतिविधियां

इस दाैरान उन्होंने 20 अप्रैल के बाद उन स्थानों पर लॉकडाउन प्रतिबंध में ढील देने का संकेत दिया, जहां कोई हॉटस्पॉट नहीं होगा। 20 अप्रैल तक, सभी जिलों, इलाकों, राज्यों पर बारीकी से नजर रखी जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि वे कितनी सख्ती से मानदंडों को लागू कर रहे हैं। जो राज्य हॉटस्पॉट्स को बढ़ने नहीं देंगे, उन्हें कुछ महत्वपूर्ण गतिविधियों को फिर से शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि इस दाैरान शर्तें लागू रहेंगी।

देश में कोरोना वायरस मामलों की संख्या अब तक 10,363 पहुंच गई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 मई तक लाॅकडाउन के विस्तार का ऐलान आज से खत्म हो रहे 21 दिवसीय लाॅकडाउन के अंतिम दिन की। वहीं ओडिशा, पंजाब, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और पुडुचेरी ने पहले ही लॉकडाउन के विस्तार की घोषणा कर दी थी। भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस सकारात्मक मामलों की कुल संख्या 10,363 हो गई है। इसमें अब तक 339 लोगों की माैत भी हो चुकी है।

Posted By: Shweta Mishra