प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा दोनों दलों में है जुगलबंदी

कहा, यूपी आगे बढ़ा तो हिन्दुस्तान होगा दुनिया में नंबर वन

मोदी ने निषादराज की धरती से किया उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का शंखनाद

सपा से पहले पांच साल मायावती जी सत्ता में थीं। तब सपा रोज शोर मचाती थी कि भ्रष्टाचार चरम पर है। सत्ता में आए तो जांच कराकर बसपा सरकार के कारनामों का खुलासा करेंगे। जनता ने सपा को सत्ता सौंप दी। अब मायावती कहती हैं कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार है। विकास रुक गया है। हमें मौका मिला तो सपा सरकार के कारनामों का पर्दाफाश करेंगे। दरअसल यही दोनों पार्टियों की जुगलबंदी है। पांच-पांच साल राज करने के लिए। लूट की ठेकेदारी की। इसे बंद करना होगा। तभी प्रदेश के विकास का रास्ता खुलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इलाहाबाद के परेड ग्रांउड मैदान पर आयोजित परिवर्तन रैली को सम्बोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने जनता से इस पर सवाल भी पूछा और हामी भी भरवाई।

राज्य की भलाई की नहीं राजनीति की चिंता

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार को राजनीति की चिंता है। राज्य की भलाई की चिंता बिल्कुल नहीं है। उत्तर प्रदेश विकास शून्य हो गया है। यहां के नौजवान नौकरी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रोजगार का अभाव है। गुंडागर्दी चरम पर है। हर साल केन्द्र सरकार प्रदेश को एक लाख करोड़ रुपए देती है। इसके बाद भी विकास कहां हो रहा है? इस पर सबको विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि यूपी आगे बढ़ गया तो दुनिया में हिन्दुस्तान को नंबर बनने से कोई रोक नहीं सकता। इसलिए जरूरी है कि भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सम्प्रदायवाद के जहर, गुण्डागर्दी और भ्रष्टाचार से मुक्ति पाई जाय।

उम्मीदों पर खरा न उतरूं को लात मारकर निकाल दें

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी ने मुझे सांसद बनाया है। यूपी ने गृहमंत्री, रेल राज्यमंत्री और केन्द्र सरकार में तमाम नेता दिए हैं। केन्द्र सरकार अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रही है। केन्द्र में रहते हुए भी हमने यूपी के विकास के बारे में सोचा और उसे पूरा किया। हम जब सत्ता में आए तब तक प्रदेश के 1529 गांव ऐसे थे जहां बिजली का खंभा तक नहीं था। अब ऐसे गावों की संख्या सिर्फ 177 रह गई है। विकास की इस रफ्तार को और मजबूती मिलेगी जब यूपी में भी हमारी सरकार होगी। आप हमें सिर्फ पांच साल काम करने का मौका दें। वादा करते हैं कि पचास साल में जितना काम नहीं हुआ उससे ज्यादा करके देंगे। पांच साल बाद आप खुद हमारी समीक्षा कीजिएगा और लगे कि हम आपकी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे तो लात मारकर निकाल दीजिएगा।

यूपी को तबाह-बर्बाद नहीं देख सकते

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तबाह और बर्बाद स्थिति है। यह हम नहीं देख सकते। कुषाल काल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रयाग की इसी धरती पर तक सबसे बड़ा यज्ञ हुआ था। लोकहित के लिए। तभी से इसका नाम प्रयाग पड़ा। अब फिर एक बड़े यज्ञ की जरूरत आन पड़ी है। विकास के लिए यह यज्ञ जरूरी है। यह है तो इसमें आहूति की भी जरूरत होगी। इसमें हमें अहंकार, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सम्प्रदायवाद, भ्रष्टाचार की आहूति देनी होगी। तभी विकास यज्ञ सफल होगा और यूपी भी आगे बढ़ता हुआ नजर आने लगेगा।

Posted By: Inextlive