देश में कोरोना वायरस काफी तेजी से पैर पसार रहा है। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी आज मंगलवार व बुधवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुखों के साथ बातचीत करेंगे। यहां देखें पीएम मोदी का दो दिन का शेड्यूल...

नई दिल्ली (एएनआई)। कोरोना वायरस संकट के बीच एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुखों के साथ बातचीत करेंगे। पंजाब, असम, केरल, झारखंड, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप के प्रमुखों के साथ बैठक आज दोपहर 3 बजे निर्धारित है। वहीं बाकी 15 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों के प्रमुखों के साथ भी इसी तरह की बैठक कल होने वाली है।

स्थिति का जायजा लिया
इससे पहले शनिवार (13 जून) को प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड-19 महामारी के प्रति भारत की प्रतिक्रिया की समीक्षा करने के लिए वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने बैठक में राष्ट्रीय स्तर की स्थिति और महामारी के संदर्भ में तैयारी की समीक्षा की। बैठक में दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की स्थिति का जायजा लिया गया।

380 लोगों ने और गंवाई जान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में मंगलवार की सुबह तक कोरोना वायरस की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में 10,667 कोरोना वायरस संक्रमण दर्ज किए और 380 नई मौतों के केस सामने आए हैं। इस तरह देश में अब कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या 3,43,091 पहुंच गई है। वहीं इस वायरस की वजह से हुईं मौतों की संख्या बढ़कर 9,900 हो गई है।

Posted By: Shweta Mishra