-160 पासपोर्ट, तीन मोबाइल, सात सिम, एक पीसी बरामद

मथुरा: थाना छाता क्षेत्र के एक कॉलेज का 25 वर्षीय छात्र कबूतरबाजी में रविवार को पकड़ा गया। प्राइवेट लॉज में उसके कमरे से 160 पासपोर्ट, तीन मोबाइल, सात सिम, एक पीसी, एक लैंडलाइन फोन, एग्रीमेंट फॉर्मेट आदि दस्तावेज बरामद हुए हैं।

बिहार के गोपालगंज निवासी विकास कुमार स्थानीय छाता क्षेत्र स्थित संस्कृति कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र है। उसे कॉलेज के हॉस्टल में कमरा नंबर 305 आवंटित किया गया था, लेकिन वह हॉस्टल में नहीं रहा। क्लास के कुछ छात्रों के जरिए से उसने छाता कस्बा में गोवर्धन रोड पर एक लॉज में करीब एक महीने पहले ही कमरा लिया। यहां उसकी गतिविधियों को देख लॉज में रहने वाले छात्रों को संदेह हुआ। किसी ने छाता पुलिस को इसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी दे दी। इसी दौरान विकास लॉज से चला गया। तीन दिन पहले ही वो फिर लॉज में आया था। इधर, पुलिस ने पूरी छानबीन के बाद रविवार को लॉज में छापा मार विकास को दबोच लिया।

छाता सीओ पीयूष कुमार ने बताया कि उसके कमरे की तलाशी ली गई तो दंग रह गए। एक कंप्यूटर सेट, तीन मोबाइल, 8 सिमकार्ड, एक लैंडलाइन फोन, एग्रीमेंट के फॉर्मेट के साथ ही विभिन्न नामों के 160 पासपोर्ट भी मिले। बताया कि लॉज के कमरे में विकास एक माह महज पांच-छह दिन ही रहा है, वह अक्सर बाहर ही रहता था। पूछताछ में आरोपी छात्र ने खुद को संस्कृति कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र बताया। स्वीकार किया कि वह पहले दिल्ली में एक ट्रेवल एजेंसी के जरिए पासपोर्ट बनाकर लोगों को जॉब पैकेज का ऑफर देता था। उन्हें विदेश भिजवाने का काम करता था। यहां छाता के गोवर्धन रोड पर कमरा लेकर खुद अलग से कबूतरबाजी का काम करना शुरू किया था। हाल ही में उसने 160 लोगों को विदेश में जॉब पैकेज पर भेजने के लिए उनके पासपोर्ट तैयार किए थे। सीओ ने बताया कि आरोपी छात्र कबूतरबाज है.दुबई भी रहा है युवक आरोपी 25 वर्षीय युवक विकास बिहार से 12 वीं कक्षा पास करने के बाद दिल्ली आ गया था। वह छह माह तक दुबई में रहा है। उसके पिता कोलकोता में क्रेन ऑपरेटर हैं।

Posted By: Inextlive