-आतंकी संगठन में शामिल होने के लिए बनवाया था फर्जी पासपोर्ट, कई महीने से फरार चल रहा था, जीटी रोड में गेट नम्बर 2 से पकड़ा गया, अंजान नागरिक ने गृह मंत्रालय में शिकायत कर पोल खोली थी

KANPUR : शहर की पुलिस ने बुधवार को आईएसआईएस के एक कट्टर समर्थक को गिरफ्तार कर लिया। वो आईएसआईएस ज्वाइन करने की फिराक में था। इसके लिए उसने फर्जी पासपोर्ट भी बनवा लिया था, लेकिन उसके यहां से जाने से पहले ही किसी हिन्दुस्तानी ने शिकायत कर उसकी पोल खोल दी। इसके बाद से वो फरार चल रहा था। बुधवार को पुलिस ने लोकेशन मिलने पर उसको दबोच लिया। जिसके बाद उसके सुर बदल गए। अब वो खुद को बेकसूर बताते हुए रिश्तेदार की साजिश का शिकार होने का आरोप लगा रहा है।

सकेरा स्टेट में रहने वाला है यह शातिर

पुलिस के हत्थे चढ़ा यह शातिर रायपुरवा के सकेरा स्टेट में रहने वाला अबुजर उर्फ नदीम रजा है। उसके पिता नफीस रजा कारोबारी हैं। अबुजर इंटर पास है। उसने कुछ दिनों तक जरीब चौकी स्थित एक दुकान में काम किया, लेकिन यह काम उसे ज्यादा दिन रास नहीं आया और उसने नौकरी छोड़ दी। इसके बाद से वो बेरोजगार चल रहा था। इसी बीच दुनिया में आईएसआईएस के बढ़े खौफ से वो प्रभावित हो गया और उसने इस खूंखार संगठन को ज्वाइन करने का मन बना लिया।

बदले नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया

नदीम रजा ने अपने खतरनाक मंसूबे को पूरा करने के लिए अपना नाम बदलकर अबुजर अहमद कर लिया। उसने इस नाम से पासपोर्ट भी बनवा लिया। उसकी पहचान न हो। इसके लिए उसने पिता का नाम नफीस रजा से बदलकर नफीस अहमद कर लिया। साथ ही उसने एड्रेस वेरीफिकेशन के लिए इसी नाम से राशन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड भी बनवा लिया। जिसके जरिए उसका आसानी से दूसरे नाम से पासपोर्ट बन गया। उसके एक ब्रोकर के जरिए इस फर्जी काम को अन्जाम दिया है। पुलिस ने उसको एमएम सप्तम कोर्ट में पेश किया था।

अंजान हिंदुस्तानी की शिकायत पर पोल खुली

नदीम उर्फ अबुजर अपने मंसूबे को पूरा करने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे क्या पता था कि अंजान देश भक्त हिन्दुस्तानी उसकी पोल खोल देगा। उसने अबुजर के मंसूबे का पता चलते ही गृह मंत्रालय में लेटर भेजकर शिकायत कर दी। जिसे संज्ञान में लेकर गृह मंत्रालय ने जांच कराई तो उसका अबुजर नाम से पासपोर्ट फर्जी पाया गया। इसके साथ ही उसकी एक्टिविटी भी संदिग्ध निकली। आनन फानन में पुलिस ने उसके पासपोर्ट को निरस्त कराने के साथ ही एफआईआर दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने उसको पकड़ने के लिए दबिश भी दी, लेकिन वो हाथ नहीं लगा। दबिश से पहले ही वह फरार हो गया। इसके बाद से पुलिस उसको ढूढ़ रही थी।

जीटी रोड से पुलिस ने किया गिरफ्तार

नदीम उर्फ अबुजर की तलाश में जुटी पुलिस उस पर प्रेशर बनाने के लिए कुर्की की कार्रवाई कराने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच बुधवार को पुलिस को मुखबिर से बता चला कि वो परिजनों से मिलने के लिए कुछ देर के लिए घर गया था। जहां से वो जीटी रोड के रास्ते से कहीं जा रहा है। आनन फानन में पुलिस ने उसकी सूचना पर जीटी रोड पर घेराबन्दी कर गेट नम्बर तीन से उसको दबोच लिया। इसके बाद उसको कोर्ट में पेश कराकर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के हत्थे चढ़ते सुर बदल गए

पुलिस के हत्थे चढ़ते ही नदीम उर्फ अबुजर के सुर बदल गए है। उसने कोर्ट के बाहर बताया कि वो बेकसूर है। उसे एक रिश्तेदार ने साजिश कर फंसाया है। दूसरे नाम के पासपोर्ट बनवाने की बाबत उसका कहना है कि उसके दो नाम है, लेकिन उसके पास दो नाम की आईडी कैसे है? इस बारे में उसने कुछ भी बोलने से मना कर दिया। उसने यह भी नहीं बताने से मना कर दिया कि उसने पासपोर्ट क्यों बनवाया था? इससे उसके बयान पर सवाल उठ रहा है। पुलिस ने उसको फर्जी पासपोर्ट बनवाने, धोखाधड़ी समेत कई संगीन धाराओं में जेल भेजा है।

Posted By: Inextlive