- मौके से पुलिस ने 24 कटे व जिंदा पशु बरामद किए

- पुलिस ने छह लोगों को लिया हिरासत में

Meerut: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के नीचा सद्दीकनगर कालोनी में उस वक्त अफरातफरी मच गई। जब अचानक पुलिस ने अवैध रूप से चल रहे मिनी कमेलों पर छापा मार दिया। भाजपा नेता की सूचना पर दो गोदामों से 10 जिंदा व 14 कटी हुई भैंसों को बरामद कर लिया। पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में पशु कटान के औजार तथा 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोदाम मालिकों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पायी। कार्रवाई के दौरान कई थानों की पुलिस फोर्स व पीएसी मौजूद रही।

गाय काटने की मिली सूचना

शुक्रवार सुबह भाजपा नेता ने एसओ लिसाड़ीगेट को सूचना दी फलक पैलेस के पास जाल वाली गली स्थित एक गोदाम में गायों को काटा जा रहा हैं। अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो भाजपा आंदोलन करेगी। जानकारी एसओ ने आलाधिकारियों को दी और फोर्स की मांग की। सुबह सवेरे ही सिटी मजिस्ट्रेट केशव कुमार, सीओ कोतवाली के साथ लिसाड़ीगेट, ब्रहमपुरी, नौचंदी, कोतवाली व एक बटालियन पीएसी के साथ कयूम के गोदाम पर छापा मारा गया। इसके बाद पुलिस ने हाफिज अलीम के गोदाम पर छापा मारा।

खुले आम कट रहे थे पशु

पुलिस ने दोनों गोदामों से 10 जिंदा व 14 कटी हुई भैंसों को बरामद कर लिया। गोदामों पर छापा लगते ही पशु काटने वाले तस्करों में हड़कंप मच गया। पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे। जिन्हें घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ लिया। 6 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए थाने लाया गया। जबकि गोदाम मालिक फरार होने में कामयाब रहे।

अवैध रूप से चल रहे कमेलों को सील कर दिया गया है। साथ ही अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।

रवेन्द्र यादव, एसओ लिसाड़ी गेट

Posted By: Inextlive