- डौकी की घटना, रिश्तेदार ने पीछा करके पकड़ने के बाद बुलाई पुलिस

- परिजनों का आरोप हत्या करके लाश को ठिकाने लगाने ले जा रहे थे

आगरा। विवाहिता की लाश को गाड़ी में रखकर ठिकाने लगाने ले जाते ससुराल वालों को परिजनों ने रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस बुलाकर ससुराल वालों को उसके सुपुर्द कर दिया।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

मामले के अनुसार डौकी के गांव नरि निवासी 20 वर्षीय सुमन पत्नी मंगल सिंह की शादी डेढ़ साल पूर्व हुई थी। सुमन का मायका फीरोजाबाद के थाना नगला सिंगी के थारनाथू में है। सुमन के पिता देवकी नंदन के अनुसार ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। उससे आए दिन मारपीट करते थे। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत भी हुई। दांपत्य जीवन बचाने के लिए सुमन राजीनामा करके ससुराल चली गई। ससुराल वालों ने इसके बावजूद उसका उत्पीड़न करना बंद नहीं किया। बुधवार को उसकी हत्या कर दी। इसके बाद लाश को गायब करने के लिए मैक्स जीप में डालकर फतेहाबाद की ओर ले जा रहे थे। इसकी जानकारी उसी गांव में रहने वाले सुमन के रिश्तेदार को हो गई। उसने बाइक से मैक्स जीप का पीछा कर लिया। गाड़ी को फतेहाबाद क्षेत्र में रोक लिया। उसमें सुमन की लाश देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दे दी। सीओ फतेहाबाद प्रभात कुमार और इंस्पेक्टर डौकी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया। सीओ प्रभात कुमार के अनुसार विवाहिता की मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है।

घर में मिली टूटी चूडियां और रस्सी का फंदा

पुलिस मृतका की ससुराल घटनास्थल पर पहुंची। वहां कच्ची दीवार के पास रस्सी का फंदा और टूटी हुई चूडि़यां मिली हैं। इससे आशंका है कि उसकी गला घोंट कर हत्या की गई है। उसके शरीर पर भी चोट के निशान थे।

Posted By: Inextlive