- सिविल लाइंस में बीओबी के पास हादसा, दो स्टूडेंट गंभीर रूप से घायल

- बिना हेलमेट ट्रिपलिंग कर रहे थे, पुलिस ने रोका तो भागने लगे

बरेली। अगर आपका टीनएजर बेटा या बेटी बाइक या स्कूटी चलाते हैं तो यह खबर आपके लिए है। बाइक दौड़ते वक्त ट्रैफिक रूल्स को फॉलो करने में वे कितने लापरवाह होते हैं, यह संडे को सिविल लाइंस स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने देखने को मिला। बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे तीन बच्चे यहां हादसे का शिकार हो गए। हादसे में दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि तीसरा मौके से भाग गया। तीनों चालान से बचने के लिए पुलिस को चकमा देकर भाग रहे थे।

डीआईजी ऑफिस के पास रोका था

सुभाषनगर में अनुपम नगर का रहने वाला निखिल जीआईसी स्कूल में 12वीं का स्टूडेंट्स है। संडे को वह अपने क्लासमेट राहुल और अमित के साथ गांधी उद्यान में फोटोग्राफी करने गया था। काम खत्म होने के बाद वह दोनों फ्रेंड के साथ बिना हेलमेट बाइक से घर लौट रहा था। डीआईजी ऑफिस के पास पुलिसकर्मियों ने उसे बाइक रोकने का इशारा किया।

पुलिस को देख स्टूडेंट्स घबरा गए। उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस को शक हुआ तो उन्होंने तीनों का पीछा करना शुरू कर दिया। बीओबी चौराहे के पास उनकी बाइक कंट्रोल से बाहर होकर फिसल गई। निखिल और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि अमित पकड़े जाने के भय से दोस्तों को छोड़कर वहां से भाग गया। निखिल ने बताया कि उसके साथी सुभाषनगर के रहने वाले हैं। बाइक राहुल चला रहा था।

Posted By: Inextlive