- दीपावली से पूर्व पुलिस प्रशासन ने किया शहर में मॉकड्रिल

- बलवाइयों पर छोड़ी आंसू गैस ने निकाले पुलिस के आंसू

Meerut: दीपावली से पूर्व शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने दंगाइयों से निपटने के लिए मॉकड्रिल अभ्यास किया। एक ओर जहां पुलिस दंगाइयों पर भारी पड़ी, वहीं एक समय ऐसा आया कि हवा की दिशा विपरीत होने पर आंसू गैस से पुलिस के आंखों से ही आंसू निकल आए। सवाल है कि मॉकड्रिल में ही पुलिस आंसू गैस छोड़ने से चूक कर रहे है तो हकीकत में अंजाम क्या होगा।

पुलिस लाइन से शुरुआत

पुलिस लाइन में आईजी आलोक शर्मा, डीआईजी रमित शर्मा, एसएसपी ओंकार सिंह, एसपी सिटी ओमप्रकाश पहुंचे और पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर मॉकड्रिल किया। यहां दंगा कर रहे दंगाइयों को पुलिस ने शांत करने की कोशिश की लेकिन नहीं माने। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ दिए। इस दौरान विपरीत दिशा से हवा आने के कारण पुलिस कर्मी के खुद के आंसू निकल गए और अपनी आंख बचाते हुए नजर आए। पुलिस अधिकारियों को कुछ मिनट तक नजर भी नहीं आया।

चौराहे पर किया मॉकड्रिल

पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों के आंसू निकलने के बाद सभी लोग सेक्टर स्कीम के तहत चौराहे पर आ गए। यहां अधिकारियों ने खड़े पीएसी के जवानों से दंगा, बलवा होने पर किस तरह नियंत्रण करना चाहिए? इसके बारे में पूछा, लेकिन कुछ पुलिस कर्मी इसका जवाब भी नहीं दे सके। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को ट्रेनिंग दी।

आंसू गैस का इस्तेमाल मॉकड्रिल में किया गया था। विपरीत दिशा से हवा आने के कारण गैस हमारी ओर आ गई। हमने पुलिस कर्मियों को मॉकड्रिल के माध्यम से अधिक से अधिक जानकारी दी।

- ओंकार सिंह

एसएसपी

Posted By: Inextlive