- कई पुलिस वालों पर गंभीर मामले हैं दर्ज, जांच की फाइल पर जमी धूल

- जमीन के धंधे से लेकर उगाही तक में है पुलिस वालों का नाम

पुलिस न होती तो शायद अपराध का बोलबाला होता। पुलिस के कारण ही हम चैन की नींद सोते हैं। लेकिन जब वर्दीवाले ही क्राइम को अंजाम देने लग जाएं, तो अमन चैन की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। हाल के वषरें में घटित घटनाओं में पुलिस वालों के संलिप्त होने की वजह से लोगों का भरोसा पुलिस पर कम होने लगा है। कई पुलिसकर्मी हाल के दिनों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया है। कई मामलों में उनकी गिरफ्तारी भी हुई है। हत्या, लूट, दुष्कर्म सहित कई मामलों में पुलिस वालों पर थाने में ही केस दर्ज कराया गया है। इन्हीं कारणों से ही अब लोग थाने जाने से परहेज करने लगे हैं। राजधानी रांची में बीते साल 13 फरवरी की रात रातू रोड के अर्श होटल में जुआ खेलते तीन पुलिस अफसर सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मामले को रफा-दफा करने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गयी। इसके बाद रांची के एक वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

पैसे नहीं देने पर पुलिस जवान ने कर दी हत्या

फरवरी 2017 में जमशेदपुर के पटमदा के कमलपुर थाना अंतर्गत मुहुलतल गांव में शिक्षक दंपति की हत्या कर दी गयी थी। घटना को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि जमशेदपुर जिला पुलिस से बर्खास्त जवान शशि भूषण सिंह ने दिया था। आरोपी जवान मृतक का रिश्तेदार था। आरोपी जवान अपने रिश्तेदार से पैसे की मांग कर रहा था, नहीं देने पर उसने शिक्षक दंपति की हत्या कर दी। जवान को कार्य में लापरवाही के आरोप में 2012 में बर्खास्त कर दिया गया था।

सुरक्षा में लगे जवान ने की मारपीट

सितम्बर 2017 में 50 जवान रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया पटना से 30 करोड़ रुपए गोड्डा ले जा रहे थे। जैप पांच के जवान अमित कुमार और संजय कुमार यादव भागलपुर जिले के नवगछिया स्थित जह्वावी चौक के टॉल बैरियर में घुसकर कर्मियों के साथ मारपीट के साथ लूटपाट भी की। परबत्ता पुलिस ने दोनों जवानों के खिलाफ मारपीट और 4100 रुपए चोरी की रिपोर्ट दर्ज किया है। दोनों जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गोड्डा एसपी और जैप-5 के समादेष्टा को भी लिखा गया था। जैप के जवानों की सारी हरकतें बैरियर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी थी।

मामूली विवाद में पार्षद की हत्या

नवम्बर 2017 गोड्डा जिले के चपरासी मुहल्ला में वार्ड 11 के पार्षद रितेश मंडल की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर कर दी गयी थी। मृतक के एक भांजे व एक अन्य युवक को भी जख्मी कर दिया था। हमलावर उसी मुहल्ले का झारखंड पुलिस का निलंबित जवान निखिल यादव था। मामूली कहा सुनी से शुरू हुए विवाद के बाद आक्त्रोशित आरोपी जवान निखिल यादव ने धारदार हथियार से रितेश मंडल की हत्या कर दी थी।

पार्किंग विवाद में हत्या

नवम्बर 2017 में धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 में रात में पार्किंग विवाद में झारखंड पुलिस के जवान नवल किशोर सिंह ने पड़ोस के ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में तैनात जवान घनश्याम सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने घनश्याम के पिता हवलदार रामबदन सिंह व बहनोई एसीबी में ही सिपाही सुमन सिंह पर भी चाकू से जानलेवा हमला किया। आरोपी जवान फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में चालक के पद पर तैनात था। जबकि हवलदार राम बदन सिंह सेक्टर-3 स्थित टीओपी में पदस्थापित था। कार पार्किंग को लेकर दोनों पक्ष में विवाद होने पर नवल किशोर सिंह ने चाकू उठाकर हवलदार राम बदन सिंह की हत्या कर दी थी।

हाजत में युवती से दुष्कर्म

फरवरी 2018 में जमशेदपुर में पिछले साल पुलिस की पेट्रोलिंग टीम (मोबाइल टाइगर्स) ने एक किशोरी को डिमना में कुछ युवाओं के साथ देखा, जिसे पुलिसकर्मी ने युवती और युवाओं को थाने में ले आए। किशोरी ने पुलिस अधिकारी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। एफआईआर में शिव कुमार महतो, संतोष महतो और इंद्रपाल सिंह सैनी को नामजद किया गया था। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार पूछताछ में नाबालिग ने पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म करने का सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि पीडि़ता ने एक थाने के पुलिस अधिकारी का भी नाम लिया है। पुलिस अधिकारी द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म करने की घटना बेहद गंभीर है।

महिला इंस्पेक्टर के कहने पर पत्‍‌नी की हत्या

फरवरी 2018 में हजारीबाग जिले के जयप्रभा नगर में अनु पाठक हत्याकांड में इंस्पेक्टर मंजू ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। अनु पाठक की हत्या मामले मे उनकी पुत्री ने अपने पिता विनोद ठाकुर और मंजू ठाकुर के बीच अवैध संबंध का आरोप लगाया था। मंजू ठाकुर पीटीसी में इंस्पेक्टर के रूप में पदस्थापित है। विदित हो कि जयप्रभा नगर की रहने वाली महिला अनु पाठक की हत्या कर उसके पति विनोद ठाकुर ने शव को दिवान में छुपा दिया था।

Posted By: Inextlive