-पुलिस बन कर फिर से बुजुर्ग को बनाया शिकार

-अब चौराहों पर टप्पेबाजों पर पुलिस रखेगी नजर

आगरा। हरीपर्वत सर्किल में टप्पेबाजी की वारदात बढ़ती जा रही है। एक के बाद एक टप्पेबाजी की बढ़ती वारदातों ने पुलिस की धड़कनें बढ़ा रखी हैं। गुरुवार को फिर से शातिरों ने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। पुलिस ने अब इनकी धरपकड़ के लिए चौराहे चिह्नित किया हैं। पुलिस अब इन पर नजर रखेगी।

पुलिस बन कर आते हैं

टप्पेबाजों ने पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को लूटना शुरू किया है। शातिर पहले चौराहों पर बुजुर्ग लोगों की रेकी करते हैं। उनके आभूषणों पर नजर होती है कि क्या पहने हैं। इसके बाद पीछे लग जाते हैं। उनका रिक्शा जैसे ही सुनसान वाले स्थान पर आता है वैसे ही पीछे से आकर रिक्शा रोक देते हैं। शातिर खुद को पुलिस बताते हैं।

पलभर में बदल देते हैं सामान

शातिर पहले लूट होने की बात बोल कर दहशत फैलाते हैं। कई बार शातिरों ने बुजुर्गो को सड़क पर आगे लूट होने की बात बोल कर गुमराह किया है। इसके बाद उनसे पहने हुए जेवर उतरवा लिए जाते हैं। थैले में रखने को कहा जाता है लेकिन इससे पहले वे अपने पास से सफेद कागज देते और बोलते हैं कि इसमें रख लो। इसके बाद बड़ी सफाई से कागज चेंज कर देते हैं।

बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना

गुरुवार की सुबह बाइक सवार शातिरों ने फिर से बुजुर्ग महिला को निशाना बना लिया। दहशत फैला कर जेवर उतरवा लिए। पलक झपकते ही कागज चेंज कर दिया। शातिरों की बातों में बुजुर्ग महिला इतनी दहशत में आ गई कि तबियत बिगड़ गई। घर पर उनका इलाज चल रहा है।

गमी में जा रही थीं बुजुर्ग

शीतला गली निवासी 70 वर्षीय प्रवेश गुप्ता पत्नी जगदीश प्रसाद गुप्ता गुरुवार की सुबह 11 बजे रिक्शा से भगवान टॉकीज जा रही थी। एटा निवासी उनके भाई की मृत्यु हो गई थी। भगवान टॉकीज से उनको एटा के लिए बस में बैठना था। उनका रिक्शा जैसे ही सेंट जोंस पुल के पास आया वैसे ही पीछे से बाइक सवार दो युवक आ गए।

लूटपाट बोल कर फैलाई दहशत

शातिरों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया फिर कहा कि इतना जेवर पहन कर कहां जा रही हैं। लूटपाट हो रही है। आगे पुलिस चेकिंग कर रही है। शातिरों ने बोला कि जल्दी से जेवर उतार कर थैले में रख लो। बुजुर्ग महिला ने जेवर उतार लिए। इस पर एक युवक बोला कि हम रखते हैं। उसने सफेद कागज में जेवर रख दिया और थैले में हाथ डाल दिखाया कि जेवर रख दिया है।

नकली सामान रख कर गए

शातिर कागज में नकली सामान रख गए। बुजुर्ग के बेटे मनोज गुप्ता ने बताया कि मां इतनी दहशत में आ गई कि उन्हें हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। उनका उपचार चल रहा है। शातिरों ने उनसे तीन अंगूठी और दो सोने की चूडि़यां उतरवाई। शातिर करीब पांच तोले का सामान पार कर ले गए हैं। पीडि़त ने मामले में थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है।

पुलिस रखेगी नजर

ज्यादातर वारदातें भगवान टॉकीज, हरीपर्वत, सेंट जोंस, दिल्ली गेट पर हुई हैं। पुलिस अब इन स्थानों पर विशेष नजर रखेगी। यहां पर बाइकों पर आराम से शातिर घूमते हैं। अब पुलिस चौराहों पर आने वाले बुजुर्गो पर भी नजर रखेगी कि कहीं उनके पीछे कहीं कोई लगा तो नहीं है साथ ही जिस रिक्शे में सवारी बैठती हैं उस पर भी नजर रहेगी चूंकि अब तक की घटनाओं में अकेली सवारी को ही लूटा गया है। मामले में रिक्शा चालकों की मिलीभगत होने की आशंका बन रही है।

Posted By: Inextlive