- नो पार्किग जोन में मनबढ़ों का उत्पात

- दो को पकड़कर पुलिस कर रही पूछताछ

GORAKHPUR: गोलघर में नो पार्किग जोन में खड़ी कार हटाने की बात पर मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। ट्रैफिक के दीवान पर हमला बोलकर मनबढ़ों ने उसे घायल कर दिया। मनबढ़ों की धक्का-मुक्की में रिकवरी वैन का ड्राइवर भी घायल हो गया। गोलघर-गणेश चौराहे पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मचारियों के पहुंचने पर मनबढ़ भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने लोगों को पकड़ लिया। दोनों युवक बस्ती जिले के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

कार खड़ी होने से लगा था जाम

सोमवार शाम गोलघर में पोस्ट आफिस के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने कार खड़ी थी। जाम की लगने की सूचना पर ट्रैफिक पुलिस के दीवान रामनाथ रिकवरी वैन के साथ पहुंचे। कार चालक से कार हटाने को कहा तो उसने मना कर दिया। रिकवरी वैन की मदद से पुलिस ने कार को टांगने की कोशिश कि तो चार-पांच युवक दुकान से बाहर निकले। उन लोगों ने दीवान पर हमला बोल दिया। मारपीट करके दीवान की वर्दी फाड़ दी। बीच बचाव करने वैन से उतरे ड्राइवर विनय यादव को भी पीट दिया।

भीड़ के जुटने पर भागे हमलावर

ट्रैफिक दीवान से मारपीट की सूचना पुलिस को मिली। चौराहों पर ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मचारी पहुंच गए। पब्लिक की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मनबढ़ों को घेर लिया। पकड़े जाने के डर से तीन युवक भाग निकले। दो को पकड़कर लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। तभी कैंट पुलिस भी पहुंच गई। दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। पूछताछ में दोनों की पहचान बस्ती, नगर बाजार निवासी देवेश मिश्रा, उसके भांजे अरुण पांडेय के रूप में हुई। कार का ड्राइवर रंजीत पांडेय नगर बाजार के देवापार का रहने वाला है। हालांकि देवेश ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा गंभीर रूप से बीमार है। उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। आईसीयू में एडमिट बेटे का सामान लाने के लिए भांजा कार लेकर घर से आया था।

दीवान के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनके खिलाफ दीवान ने तहरीर दी है।

- एसएन सिंह,

प्रभारी थानेदार, कैंट

Posted By: Inextlive