पूर्व विधायक विजमा यादव के भाई सपा नेता रामलोचन यादव के घर छापा

गिरफ्तारी के लिए न्याय नगर स्थित गेस्ट हाउस में भी हुई छापेमारी

ALLAHABAD: प्रदेश में सपा की सरकार थी तो अलग रसूख था। बहन विधायक थी। खुद जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार जाने के बाद भी दबंग नेता बने हुए थे। मुकदमे दर्ज होने के बाद भी हुक्मरान उन पर हाथ डालने से भी कतराते थे। जमीनो पर जबरन कब्जा और फिर उसकी खरीद-फरोख्त में उनका नाम शामिल था लेकिन कोई कुछ बोलता नहीं था। अब परिस्थितियां बदल गई हैं। सूबे में भाजपा की सरकार है। बहन की विधायकी छिन गई है। भागे-भागे फिरने की नौबत आ गई है। शनिवार को उनके घर पुलिस पहुंच गई। गिरफ्तार करने के लिए छापा मारा लेकिन संयोग अच्छा था कि वह घर पर नहीं मिले।

भू माफियाओं पर कस रहा शिकंजा

शासन के आदेश पर जनपद में भूमाफियाओं और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीओ सिविल लाइन श्रीश्चन्द्र व थाना धूमनगंज की पुलिस ने शनिवार को कंधईपुर स्थित सपा नेता व पूर्व विधायक विजमा यादव के भाई राम लोचन यादव के घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान उनके घर के आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। तलाशी चल रही थी कि सपा नेता के न्याय नगर स्थित गेस्ट हाउस तक भी पुलिए पहुंच गई। संयोग से दोनो स्थानों से पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। तलाशी के दौरान पूर्व में सील किए गए उनके घर से कई सामान गायब मिले। पिस्टल और रायफल के कारतूस मिले जो इशारा कर रहे थे कि घर सील होने के बाद भी सपा नेता का यहां आना-जाना बना हुआ है।

पूर्व सपा विधायक व पुलिस में झड़प

फूलपुर की पूर्व सपा विधायक विजमा यादव के भाई राम लोचन यादव के घर की गई छापेमारी के वक्त सीओ सिविल लाइन श्रीश्चन्द्र व थाना धूमनगंज की पुलिस सहित भारी संख्या में सिपाही व दरोगा मौजूद रहे। बता दें कि पूर्व में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सपा नेता के इस घर को सील कर दिया था। शनिवार को पुलिस ने इस घर की गहन तलाशी ली। इसकी खबर जैसे ही पूर्व विधायक विजमा यादव को हुई वह मौके पर पहुंच गईं। बताते हैं कि पुलिस और पूर्व विधायक के बीच तीखी नोक झोंक हुई। धूमनगंज थाना प्रभारी अरुण त्यागी ने बताया कि छापेमारी में पुलिस को उसके सील घर से कुछ सामान गायब मिले हैं। जिसका मिलान किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस को बाइक कॉर्टेज मिलें है। ये कॉर्टेज राइफल और पिस्टल के है। जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।

कौन है राम लोचन यादव

समाजवादी पार्टी के टिकट पर जिला पंचायत का चुनाव लड़ चुके हैं

फूलपुर की पूर्व सपा विधायक विजमा यादव के सगे भाई हैं

आपराधिक पृष्ठभूमि के चलते दबंग मानते जाते हैं

तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं उनके खिलाफ

कई मामलों में चल रहे हैं वांछित

भाजपा के सत्ता में आने के बाद घोषित किए जा चुके हैं भू माफिया

घर को पुलिस कर चुकी है सील

35 मुकदमे दर्ज हैं सपा नेता के खिलाफ

22 कारतूस मिले पिस्टल व राइफल के सपा नेता के घर से

सपा नेता राम लोचन के खिलाफ 35 से अधिक मुकदमे संगीन धाराओं में दर्ज हैं। कई मामलों में वह वांछित चल रहे है। उसकी गिरफ्तारी के लिए ही पुलिस ने छापेमारी की थी। वह तो नहीं मिले पर पिस्टल और राइफल के बाइस कारतूस मिले हैं। गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।

श्रीश्चन्द्र सीओ,

सिविल लाइन

Posted By: Inextlive