- मोबाइल, एटीएम सुरक्षित पाकर खुश हुई महिला

- टाउनहाल मैदान में शुक्रवार की शाम चोरी गया था पर्स

GORAKHPUR: टाउनहाल मैदान में मेला देखने गई महिला का पर्स सिपाहियों ने घंटी बजाकर खोज निकाला। शुक्रवार की रात दो बजे ड्यूटी पर निकले सिपाहियों ने महिला के मोबाइल पर रिंग किया। घंटी बजने पर दुकान के पीछे छिपाकर रखा पर्स बरामद हो गया। शनिवार की सुबह नगर निगम चौकी पर सिपाहियों ने महिला को उसका पर्स लौटा दिया। पर्स में नकदी के अलावा बाकी सामान सुरक्षित था। पुलिस की कार्रवाई से गदगद महिला ने कहा कि सभी पुलिस कर्मचारी ऐसे हों तो आधी प्रॉब्लम ऐसे ही सॉल्व हो जाएगी।

शनिवार को गायब हुआ था पर्स

तिवारीपुर एरिया के सूरजकुंड मोहल्ले की सुनीता शनिवार की शाम टाउनहाल मार्केट में गई। किसी उचक्के ने महिला का पर्स गायब कर दिया। महिला के शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। कांस्टेबल ने महिला का मोबाइल नंबर और पता नोट कर लिया। रात में करीब दो बजे कांस्टेबल उपेंद्र प्रजापति और योगेंद्र भारती गश्त पर निकले। सिपाहियों को याद आया कि महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी।

टाउनहॉल में की तलाश

टाउनहॉल कैंपस में पहुंचकर सिपाहियों ने पर्स की तलाश शुरू कर दी। महिला के मोबाइल पर काल करने लगे। तभी एक दुकान के पीछे से रिंग सुनाई पड़ी। सिपाहियों ने महिला का पर्स बरामद कर लिया। शनिवार की सुबह महिला को बुलाकर पर्स सौंप दिया। पर्स चेक करने के बाद महिला ने बताया कि उसमें बाहर रखे चार हजार रुपए गायब थे। पर्स के भीतर लिफाफे में रखी नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान सुरक्षित था।

Posted By: Inextlive