आगरा। पुलिस रिमांड पर सट्टा किंग श्याम वोहरा रोज नए-नए खुलासे कर रहा है। क्रिकेटर के बाद अब उसने पुलिसकर्मियों से रिश्ते उजागर किए हैं। एसओजी में तैनात कई सिपाहियों को विदेशी ट्रिप के साथ आकर्षक गिफ्ट देने की बात कबूल की है। इसके एवज में पुलिसकर्मी उसके अवैध धंधे को संरक्षण मुहैया कराते थे।

कई पुलिसकर्मियों के उगले नाम

हाल ही में पुलिस ने सट्टा किंग श्याम वोहरा की रिमांड ली है। रिमांड पर वोहरा ने कई पुलिसकर्मियों के नाम उगल दिए हैं। सूत्रों की मानें तो वोहरा ने बताया कि कई पुलिसकर्मियों से उसके रिश्ते हैं। वोहरा उन्हें विदेश ट्रिप कराता था। साथ ही उनकी मौज मस्ती का भी पूरा ध्यान रखा जाता था। विदेशों में अपने गुर्गो को वोहरा ने इस संबंध में खास हिदायत दे रखी थी।

हर जरूरत का रखता था ध्यान

विदेशों की सैर कराने के साथ वोहरा पुलिसकर्मियों की हर सुविधा और जरूरत का ध्यान रखता था। घरों में दैनिक जीवन की वस्तुओं के अलावा कंपनी के टीवी, एलईडी और वॉशिंग मशीन, फ्रिज आदि बतौर गिफ्ट देता था। साथ ही कई पुलिसकर्मियों की महीनेदारी भी बंधी हुई थी।

100 से अधिक पहुंचा आंकड़ा

वोहरा के कारोबार में सहयोग देने वालों की लिस्ट तैयार की जा चुकी है। सूत्रों का कहना है कि इसमें संख्या 100 से अधिक पहुंच गई है। पुलिस वोहरा से पूछताछ के बाद अब इन नामों की भूमिका की तस्दीक करने में जुटी है।

घेरे में पुलिसकर्मी

वोहरा ने जिन पुलिसकर्मियों के नामों को उगला है, उनमें कई एसओजी में तैनात रहे हैं या अब भी हैं। इनमें से कई मौजूदा समय में अन्य जनपदों में तैनात हैं। वोहरा के खुलासे की जानकारी इन पुलिसकर्मियों को भी हो चुकी है। मामला आला अधिकारियों के संज्ञान में भी है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की टेंशन बढ़ना तय है। उनसे कभी भी पूछताछ की जा सकती है।

Posted By: Inextlive