- डीजीपी के शहर में मौजूदगी के दौरान पहडि़या चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस का कॉन्सटेबल छेड़खानी के आरोप में हुआ गिरफ्तार

- नशे में धुत कॉन्सटेबल की गलत हरकत के बाद इलाके के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ ने कराया अरेस्ट

VARANASI: इन दिनों पूरे प्रदेश में महिलाओं संग हो रहे क्राइम को रोकने के लिए डीजीपी काफी सख्त हुए हैं। कहीं पर भी छेड़खानी या रेप जैसी वारदात के बाद संबधित थाने से अटैच पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात डीजीपी ने कही है लेकिन लगता है अपने मुखिया का ये आदेश खुद पुलिस वालों पर लागू नहीं होता। वो भी तब जब डीजीपी खुद शहर में मौजूद थे। शायद तभी पुलिस लाइन से कुछ ही कदम की दूरी पर एक पुलिस वाला महिला संग छेड़खानी करने में धरा गया। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस कॉन्सटेबल विजय प्रताप सिंह ने पहडि़या चौराहे पर एक फल विक्रेता महिला संग नशे की हालत में छेड़खानी की। इसके बाद सूचना मिलते ही सीओ कैंट ने खुद आरोपी सिपाही को अरेस्ट कर सारनाथ पुलिस को सौंप दिया। सारनाथ पुलिस ने आरोपी सिपाही को अरेस्ट कर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जुट गई पब्लिक

बुधवार को ट्रैफिक पुलिस के कॉन्सटेबल विजय प्रताप सिंह की ड्यूटी पहडि़या चौराहे पर थी। मूल रूप से बलिया का रहने वाला विजय पुलिस लाइन में रहता है। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान उसने पहले तो नशा किया और चौराहे पर वाहनों से वसूली करने में जुटा रहा। कुछ देर बाद वह चौराहे पर फल बेच रही रमरेपुर की एक महिला के पास पहुंचा और उस पर छींटाकशी कसने के साथ उसको छेड़ने लगा। इस पर जब महिला ने विरोध किया तो ट्रैफिक कॉन्सटेबल ने उसे बुरा भला कहना शुरू कर दिया। जिसके बाद महिला ने शोर मचाया। महिला के शोर मचाने के बाद आस पास के लोग जुटने लगे और आरोपी ट्रैफिक पुलिस कॉन्सटेबल को घेर लिया। भीड़ में से ही किसी ने इस मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद मौके पर सारनाथ पुलिस समेत सीओ कैंट पहुंच गए। सीओ कैंट ने मौके पर सिपाही को नशे की हालत में देख तत्काल आरोपों के आधार पर उसे अरेस्ट कर लिया।

Posted By: Inextlive