- 12वीं में फेल होने पर मानसिक तनाव में था छात्र

- डॉक्टर्स ने निकाली गोली हालत खतरे से बाहर

आगरा। परीक्षा में फेल होने से 12वीं का छात्र मानसिक अवसाद में चल रहा था। परिवार वालों ने उसे समझाया, लेकिन वह नहीं उबर सका। शनिवार रात को उसने तमंचे से अपने पेट में गोली मार ली। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। एत्मादउद्दौला के कालिंदी विहार निवासी दरोगा का बेटा 12वीं में फेल हो गया था। इसके बाद रीएग्जाम में भी उसको मात्र 35 फीसद अंक मिले।

तमंचे से पेट में मारी गोली

छात्र काफी समय से तनाव में था। परिजनों ने बहुत समझाया, लेकिन वह नहीं उबर सका। शनिवार रात एक बजे छात्र ने पेट में तमंचे से गोली मार ली। परिवार के लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। गोली रीढ़ की हड्डी में फंस गई थी। ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है।

छात्र की हालत खतरे से बाहर

हालत अब खतरे से बाहर है। छात्र ने पुलिस को बताया कि घर के पास झाडि़यों में एक रिक्शे वाला तमंचा फेंक गया था। उसे लेकर वह घर आ गया। अवसाद के कारण उसने उसी से खुद को गोली मार ली। वहीं पुलिस का कहना है कि मामला खुदकशी की कोशिश का है। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।

Posted By: Inextlive