- 5000 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा पॉलीथिन मिलने पर

- 3 जोन में बांटा है शहर को नगर निगम ने

- 1 सिंतबर से शुरू होना था पॉलीथिन के खिलाफ अभियान

मेरठ। नगर निगम अब मंगलवार से पॉलीथिन बैन का अभियान शुरू करेगा। फिलहाल नगर निगम की टीम ईद की तैयारियों को लेकर जुटी हुई थी। वैसे नगर निगम को एक सितंबर से इस अभियान की शुरूआत करनी थी। लेकिन ईद के कारण इसको सोमवार तक के लिए स्थागित कर दिया गया था।

पांच हजार रुपये का जुर्माना

नगर निगम मंगलवार से पॉलीथिन को जब्त करने का अभियान चलाएगा। यदि किसी दुकानदार पर पॉलीथिन पाई गई तो उसके ऊपर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

शहर को तीन जोन में बांटा

नगर निगम ने एनजीटी को आदेश का पालन करने के लिए शहर को तीन जोन में बांटा है। इसके लिए तीन जोनों के प्रभारी को अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है। सूरजकुंड, दिल्ली और शहर जोन बनाया गया है।

झेलना पड़ सकता है विरोध

जागरूकता अभियान न चलाने के कारण नगर निगम को इसका विरोध भी झेलना पड़ सकता है। क्योंकि अभी तक व्यापारियों को पॉलीथिन बैन की जानकारी नहीं है। ऐसे नगर निगम को पॉलीथिन जब्त करने की कार्रवाई करना आसान नहीं होगा।

वर्जन

मंगलवार से इस अभियान की शुरूआत की जाएगी। जिसके पास अब पॉलीथिन पाई जाएगी। उस पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम

Posted By: Inextlive