- आजादी की लड़ाई में मिनी जलियांवाला कांड का गवाह बना शहीद सरोवर अब बदहाल स्थिति में

Meerut : आजादी की लड़ाई का जिक्र होते ही शहीद गांव भामौरी का वर्ष 1942 का मिनी जलियांवाला कांड ग्रामीणों की यादों में जीवंत हो उठता है। उस दौरान अंग्रेजों की क्रांतिकारियों पर क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके लहू से गांव के तालाब का पानी भी लाल हो गया था। जिसके बाद तालाब का नाम शहीद सरोवर पड़ा। मगर क्रांतिकारियों के अमर बलिदान का गवाह बना यह शहीद सरोवर अब शासन प्रशासन की उपेक्षा झेल रहा है।

तालाब का पानी हो गया था लाल

अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान 18 अगस्त 1942 को भामौरी गांव में मोटो की चौपाल पर क्रांतिकारियों की सभा हो रही थी। तभी अंग्रेजी फौज ने अचानक हमला कर दिया.अंग्रेजी सिपाहियों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। जिसमें क्रांतिकारी प्रहलाद सिंह, लटूर सिंह, फतेह सिंह और बोबल सिंह मौके पर ही शहीद हो गए थे। जबकि कई लोग घायल हो गए। अंग्रेजों ने सभा का नेतृत्व कर रहे बलिया निवासी रामस्वरूप शर्मा की गर्दन बाद में कलम की।

तोप से उड़ाने का दिया आदेश

एकबारगी अंग्रेजों ने पूरे गांव को तोप से उड़ाने का आदेश दे दिया था। मगर अंग्रेजी फौज में तैनात भारतीय सिपाही लियाकत अली ने तोप रास्ते में फंसाकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। अंग्रेजों के हमले के दौरान क्रांतिकारियों का लहू बहते हुए पास ही स्थित तालाब में पहुंचा था। जिससे तालाब का रंग लाल हो गया था। आजादी की लड़ाई में इतना महत्व रखने वाला यह तालाब अब शासन प्रशासन की उपेक्षा का शिकार बना है। इसके सौंदर्यकरण के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। तालाब का रकबा भी काफी घट गया और आसपास झाड़ी उगने से यह ठीक से दिखाई भी नहीं देता। जिससे ग्रामीणों में रोष है।

याद कर कांप जाती है रूह

- गांव के बुजुर्ग राजकुमार बताते है कि इस घटना के समय उनकी उम्र काफी कम थी। फिर भी धुंधली सी याद उनके दिमाग में है। शहीद सरोवर की दुर्दशा देखकर मन में टीस से उठती है। पूर्व प्रधान दिनेश कुमार शहीद सरोवर की उपेक्षा के लिए शासन प्रशासन की कार्यप्रणाली को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने शहीद सरोवर का सौंदर्यकरण कराने की मांग उठाई है।

भामौरी गांव में देश की आजादी से जुड़े तालाब के होने की जानकारी नहीं है। प्रशासन इस तालाब का सौंदर्यकरण कराएगा।

-रंजीत सिंह, तहसीलदार सरधना

Posted By: Inextlive