-दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की खबर से मचा हड़कंप

शहर व बड़ागांव एरिया में चल रहे पोंजी स्कीम की खबर दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में छपने के बाद स्कीम में इंवेस्ट करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। खबर पब्लिश होने के बाद लोगों को अपने रूपये की चिंता सताने लगी। जिसके बाद लोग एजेंट पर रूपये वापस करने का दबाव बनाते हुए सोमवार को हंगामा करने लगे। एजेंट्स ने जब हंगामें की जानकारी कंपनी संचालक को दी तो कंपनी संचालक ने 14 नवंबर तक स्कीम के रूपये वापस करने का भरोसा दिया है।

पहले भी दिया भरोसा

यह पहला मौका नहीं है जब कंपनी संचालक ने लोगों को स्कीम का पैसा वापस देने का भरोसा दिलाया है। इससे पहले भी कई बार कंपनी संचालक ने इंवेस्ट करने वालों को स्कीम का पैसा देने का वादा किया है, और समय आने पर अपने वादे से मुकर गया है। इस बार भी शायद ऐसा ही कुछ होने वाला है, लेकिन इस पोंजी स्कीम की जाल में फंस चुके लोग 14 नवंबर का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि इस बार कंपनी संचालक अपनी साख को बचाने के लिए क्या करता है।

खबर से डरा कंपनी संचालक

सोर्सेस के मुताबिक इस खबर के पब्लिश होने के बाद कंपनी संचालक के होश उड़े हुए हैं। कंपनी संचालक के डर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खबर के बाद एजेंट्स अंडरग्राउंड हो गए हैं। उनको मुंह न खोलने का फरमान जारी किया गया है। साथ ही खबर लीक करने वालों पर नजर रखने को कहा गया है।

बाउंस हुआ चेक

कंपनी संचालक की ओर से लोगों को दिया गया कई पोस्ट डेटेड चेक बाउंस हो चुका है। कंपनी संचालक ने कई लोगों को स्कीम का पैसा चेक के माध्यम से रिटर्न किया था और बिना पूछे चेक को बैंक में प्रेजेंट करने से मना किया था इसके बावजूद कई लोगों ने चेक को बैंक में प्रेजेंट किया तो उनका चेक बाउंस हो गया।

Posted By: Inextlive