- 250 गांवों की बिजली गुल और 24 घंटे में फाल्ट तक नहीं ढूंढ पाए जिम्मेदार

GAGHA/MAJHGAWA: बांसगांव विधान सभा क्षेत्र के करवल मझगांवा में स्थित विद्युत सब स्टेशन से जुड़े कंज्यूमर्स परेशान हैं। शनिवार को विद्युत सब स्टेशन के सामने आकाशीय बिजली गिर जाने से 33 हजार का इंसुलेटर ब्रस्ट कर गया था। रविवार को देर शाम तक विभाग इसे ठीक करने में नाकाम रहा। इस कारण इलाके में बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।

250 गांव में बिजली नहीं

विद्युत सब स्टेशन करवल मझगांवा से जुड़े लगभग 250 गांव की विद्युत आपूर्ति शनिवार को दोपहर 1 बजे से ही बाधित है। सब स्टेशन पर पूछने पर बताया जा रहा है कि 33000 की आपूर्ति में ही फाल्ट है। उसे ठीक करने की कोशिश की जा रही है लेकिन यह नहीं पता चल पा रहा कि कब तक आपूर्ति बहाल हो पाएगी। कंज्यूमर्स गिरिश शाही, अखिलेश राय, श्यामसुंदर, सत्यप्रकाश तिवारी, प्रदीप शाही, सौरभ राय, गुड्डू सिंह, राजेश सिंह, कृष्ण कुमार तिवारी, रामभजन, विनय शुक्ला, मुन्नाशाही आदि का कहना है कि विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा उन्हें उठाना पड़ रहा है। 24 घंटे में विभाग के इंजीनियर एक फाल्ट सही नहीं कर पाए।

वर्जन

बड़हलगंज से मझगांवा के बीच 33 हजार की आपूर्ति बाधित है। आपूर्ति बहाली के लिए दो टीम बनाकर फाल्ट ढूंढा जा रहा है।

- पीके पाल, विद्युत अवर अभियंता

बॉक्स

महज ट्रांसफॉर्मर के लिए डेढ़ महीने से अंधेरे में दो गांव

- डेढ़ सौ घरों की बिजली है गुल, उपभोक्ताओं में आक्रोश

BHARAUH:

गोला ब्लॉक के विद्युत उपकेन्द्र अहिरौली से जुड़े दो गांवों में डेढ़ महीने से बिजली नहीं है। इन गांवों के करीब डेढ़ सौ कंज्यूमर्स के घरों में अंधेरा छाया हुआ है। विभाग इतने दिनों में खराब ट्रांसफॉर्मर की न तो मरम्मत करवा सका है और न ही उसके बदले दूसरा ट्रांसफॉर्मर ही लगवाया है। इधर, बिजली नहीं रहने के कारण खेतों की सिंचाई भी नहीं हो पा रही थी। हालांकि मानसून के मेहरबान हो जाने से यह चिंता जाती रही लेकिन अन्य परेशानियां बनी हुई हैं।

जल गया था ट्रांसफॉर्मर

विद्युत उपकेन्द्र बहिरौली से जुड़े सेवित नीबी व मिश्रपुरा गांव के लिए 65 केवीए का ट्रांसफॉर्मर है। करीब डेढ़ माह पूर्व ट्रांसफॉर्मर जल गया। इस कारण बिजली गुल हो गई। तभी से दोनों गांवों में बिजली नहीं है। कंज्यूमर्स ने इसकी जानकारी जिम्मेदारों को तभी दे दी थी लेकिन डेढ़ माह बाद भी ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया। इस कारण अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। गांव के शिवकुमार दूबे, शंभु दीक्षित, विश्वनाथ दूबे, मालती देवी, जयनाथ दूबे, गामा यादव, दिनेश यादव, रामबदन यादव आदि का कहना है कि अधिकारी कभी कुछ तो कभी कुछ बहाना कहकर एक-एक दिन टाल रहे हैं। गायंत्री देवी, रामबदन दूबे, शांति दूबे, राम निवास दूबे, रवीन्द्र, रामसूरत पाठक, उमेश, रमेश आदि ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण गर्मी से परेशानी हो रही है। ग्रामवासियों ने बिजली बहाल किए जाने की मांग की है।

Posted By: Inextlive