-दीपावली पर अपने घर नहीं जा सके डिस्ट्रिक्ट के कई अफसर

-तीस नवंबर तक सभी अधिकारियों के मुख्यालय छोड़ने पर है प्रतिबंध

PRAYAGRAJ: लक्ष्मी पूजन समय से कर लेना। अम्मा-बाबू से आशीर्वाद एवं बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहते हैं कि शासन का बहुत दबाव है। घर नहीं आ सकूंगा। यह कहकर फोन काट दिया। यह सीन इस बार लगभग हर उस अफसर की रही, जिनका होम डिस्ट्रिक्ट प्रयागराज नहीं है। इन ऑफिसर्स को फैमिली से दूर मुख्यालय में ही दीपावली में मनानी पड़ी। दरअसल प्रदेश सरकार ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट के डिसीजन के मद्देनजर प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को 30 नवंबर तक मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया है।

मुख्यालय छोड़ने की परमिशन नहीं

अयोध्या में श्रीराम मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट के डिसीजन के मद्देनजर सरकारी मशीनरी को अलर्ट रहने को कहा गया है। इस कारण प्रदेश की योगी सरकार ने एक आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि किसी भी जिले के अधिकारी को 30 नवंबर तक मुख्यालय नहीं छोड़ना है। ऐसा करने के लिए उन्हें जिले के डीएम की परमिशन लेनी होगी। इसका असर अधिकारियों के दिवाली के अवकाश पर पड़ा।

परिवार को पहले ही भेज दिया

जिले में ऐसे अधिकारी भी तैनात हैं जिनका होम डिस्ट्रिक्ट अलग है। इनमें सुल्तानपुर, जौनपुर, कानपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, फतेहपुर, मेरठ, आगरा, चित्रकूट के कई अधिकारी शामिल हैं। यह सभी विभिन्न पदों पर तैनात हैं और दिवाली पर घर जाने की तैयारी में थे, लेकिन शासन के आदेश से उनको मजबूरन दीपावली मुख्यालय में ही मनानी पड़ी। नाम नहीं छापने की शर्त पर अधिकारियों ने कहा कि डीएम से उन्होंने परमिशन मांगी, पर सुनवाई नही हो सकी। कई अधिकारियों ने अपने परिवार को चार से पांच दिन पहले होम डिस्ट्रिक्ट भेज दिया था लेकिन खुद नहीं जा सके। शासन के सख्त आदेश के चलते उनको एक दिन की भी मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं मिली। ऐसे में इन अधिकारियों की यह दिवाली परिवार के अलग बीती।

कर्मचारियों का भी बढ़ा सिरदर्द

साहब के होम डिस्ट्रिक्ट नहीं जा पाने से कर्मचारियों का भी सिरदर्द बढ़ गया। कई कर्मचारियों का पूरा समय अधिकारियों का ख्याल रखने में ही बीत गया। किसी भी प्रकार का आदेश होने पर कर्मचारियों को अधिकारियों के सामने उपस्थिति दर्ज करानी पड़ सकती है। वरना अधिकारियों के त्योहार पर चले जाने से कर्मचारियों की खुशियों की पौ बारह हो जाती थी।

29 अक्टूबर तक अवकाश घोषित है। शासन के आदेश के अनुसार त्योहारों को भली प्रकार संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने के आदेश दिए गए हैं।

-भानुचंद्र गोस्वामी,

डीएम प्रयागराज

Posted By: Inextlive