गणपति महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में, 25 अगस्त से चार सितंबर तक रहेगी धूम

महाराष्ट्र लोक सेवक मंडल, करैलाबाग लाल कालोनी व बैरहना में स्थापित होंगी भव्य मूर्तियां

ALLAHABAD: मुम्बई के सुप्रसिद्ध गणपति देवता लाल बाग के राजा की तर्ज पर इलाहाबाद में भी भगवान गणेश की मूर्ति का अलौकिक नजारा दिखाई देगा। इसके लिए कारीगर डीके पाल द्वारा नौ फिट की गणेश की मूर्ति को आरेंज व व्हाइट लुक देने का काम अंतिम चरण में है। इसका नजारा भक्तों को करैलाबाग लाल कालोनी में देखने को मिलेगा। इसी तरह महाराष्ट्र लोक सेवक मंडल के अलोपीबाग स्थित मुख्यालय में दस फिट और बैरहना चौराहे के समीप पार्क में नौ फिट की मूर्तियां गणपति महोत्सव की खुशियों में चार चांद लगाएंगी।

25 को होगी मूर्ति स्थापना

शहर में गणपति महोत्सव का शुभारंभ गणेश चर्तुथी यानि 25 अगस्त को होगा। श्री गणपति जी सदा सहाय फाउंडेशन की ओर से करैलाबाग लाल कालोनी में सुबह दस बजे भव्य पंडाल के भीतर मूर्ति की स्थापना की जाएगी। सार्वजनिक गणेश महोत्सव समिति द्वारा बैरहना चौराहे के समीप सुबह 10.30 बजे गणेश जी की मूर्ति स्थापित की जाएगी। महाराष्ट्र लोक सेवक मंडल के परिसर में और रामानंद नगर स्थित पार्क में बन रहे भव्य पंडाल में सुबह दस बजे विधि विधान से मूर्ति की स्थापना की जाएगी। महाराष्ट्रीय तरुण मंडल की ओर से दारागंज स्थित मुख्यालय में विघ्नहर्ता गणेश जी की सात फिट की मूर्ति स्थापित की जाएगी।

हर दिन अलग-अलग भोग

गणपति महोत्सव के अन्तर्गत हर दिन भगवान गणेश जी को अलग-अलग भोग लगाया जाएगा। विभिन्न संस्थाओं द्वारा महोत्सव के पहले से लेकर दसवें दिन तक पीला मोदक, मगज का लड्डू, सूजी का हलवा, बूंदी का लड्डू, गरी व गुड़ का मोदक, खोआ का मोदक, लाल पेड़ा व मिठाई का भोग प्रमुख रूप से शामिल किया है।

करैलाबाग में इस बार 17वें गणपति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। भगवान गणेश जी की मूर्ति को लाल बाग के राजा जैसा लुक दिखाने का प्रयास किया गया है।

अखिलेश सहाय, अध्यक्ष, श्री गणपति जी सदा सहाय फाउंडेशन

Posted By: Inextlive