RANCHI: रांची के होटवार में स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में शनिवार को चारदीवारी फांद कर भागने की कोशिश में एक कैदी सुनील कुमार सिंह (23) की गिरकर मौत हो गई। सुनील एक साल पहले रांची के चंदवे में हुई बैंक लूट के मामले में छह माह से जेल में बंद था। उसे मानसिक रूप से बीमार भी बताया जा रहा है। रिनपास में उसका इलाज चल रहा था। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में वह मानसिक दिव्यांग सेल में रह रहा था। सुनील कुमार सिंह रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र के अकतान का रहने वाला था। वह पिठोरिया थाना क्षेत्र के चंदवे में 22 जून 2018 को हुई 7.19 लाख रुपये की लूट के मामले का आरोपित था।

मैदान की ओर दौड़ा

जेल अधीक्षक ने रांची पुलिस को बताया है कि शनिवार की सुबह बंदियों की गिनती के दौरान जैसे ही सुनील के वार्ड का दरवाजा खुला, वह दौड़ते हुए जेल परिसर स्थित मैदान में आ गया। जब तक कक्षपाल उसका पीछा करते वह चारदीवारी के समीप स्थित पीपल पेड़ पर चढ़ गया और पेड़ की लगभग 40 फीट ऊंची डाल पर चढ़कर जेल की 21 फीट ऊंची चारदीवारी के ऊपर से छलांग लगा दी। इस क्रम में वह चारदीवारी से बाहर पक्की फर्श पर सिर के बल गिर गया, सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन की सूचना पर खेलगांव थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। रिम्स में डॉक्टरों की बोर्ड ने उसके शव का पोस्टमार्टम किया।

तीन मिनट लूट लिए थे 7.19 लाख

रांची जिले के पिठोरिया के चंदवे स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक की हुंदूर शाखा में 22 जून 2018 को महज तीन मिनट में छह अपराधियों ने 7.19 लाख रुपये लूट लिए थे। तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे छह अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था। बैंक के भीतर कर्मियों को बंधक बनाकर उक्त डाका डाला था। पिठोरिया पुलिस ने एक महीने के भीतर ही इस कांड का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर ही सुनील कुमार सिंह का नाम सामने आया था, जो फरार चल रहा था। बाद में उसने 3 अप्रैल 2019 को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था।

मृतक के परिजन पहुंचे

घटना की सूचना के बाद मृतक की दो बहनें, पिता, भाई व दोस्त होटवार स्थित सेंट्रल जेल पहुंचे थे। उनलोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि सुनील कुमार सिंह जेल से छलांग लगा सकता है। वे जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगा रहे थे। इसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें जेल के भीतर का सीसीटीवी फुटेज दिखाया, जिसमें कैदी दौड़कर पेड़ पर चढ़ते हुए दिख रहा था। फुटेज देखने के बाद भी परिजन घटना को मानने के लिए तैयार नहीं थे।

Posted By: Inextlive