-पूरे दिन तैयारी में जुटे रहे जिला व महानगर कमेटी के अध्यक्ष

 

VARANASI : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी क्षेत्र की प्रभारी प्रियंका गांधी की लखनऊ में चल रही तैयारी मीटिंग में गुरुवार को बनारस का नंबर है। एक-एक कर प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों को तलब किया जा रहा है। इसी क्रम में बनारस कांग्रेस की हकीकत को वो समझेंगी। बताया जाता है कि अब तक संगठन के पदाधिकारियों को प्रियंका गांधी के एक के बाद एक कड़क सवालों का सामना करना पड़ा है। उनके प्रश्नों का उत्तर तलाशने में जिला व महानगर कांग्रेस को दिन में ही तारे दिख रहे हैं। जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा व महानगर अध्यक्ष सीताराम केशरी संगठन का लेखा जोखा लेकर लखनऊ पहुंच गए हैं। उधर पहले से ही पूर्व सांसद डॉ। राजेश मिश्र व पूर्व विधायक अजय राय भी लखनऊ में डेरा जमाए हैं। प्रियंका गांधी लोकसभा सीट के भावी उम्मीदवार से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की तैयारी को परख रही हैं। वाराणसी संसदीय क्षेत्र से 20 लोगों को प्रियंका गांधी से मुलाकात करने का अवसर मिल रहा है।

 

वन टू वन कर रहीं बातचीत

किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम पांडेय के मुताबिक प्रियंका गांधी ग्रुप में हकीकत जानने की बजाए एक-एक पदाधिकारी व नेता से अलग-अलग वार्ता कर रही हैं। इस दौरान उनके उत्तर को खुद अपने हाथों से डायरी में लिख रही हैं। इस दौरान कितने बूथ, कितने वोटर, महिला व युवा मतदाताओं की संख्या, कांग्रेस कैसे मजबूत हो सकती है आदि सवाल किए जा रहे हैं।

 

Posted By: Inextlive