हाथी और साइकिल का समय निकल गया

केंद्र सरकार के दो साल का रिपोर्ट कार्ड बताने आए केंद्रीय मंत्री

आगरा। भाजपा का 14 साल का वनवास खत्म होगा। साइकिल और हाथी का समय खत्म हो गया है। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार आएगी। भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनेगा। ये बातें केंद्र सरकार के दो साल पूर्ण होने पर सूरसदन प्रेक्षाग्रह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहीं।

हमें खाली मिला खजाना

केंद्रीय मंत्री हरसिमरन कौर बादल ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को खजाना खाली ही नहीं बल्कि कर्जा मिला था। उस स्थिति में काम करना कितना कठिन होता है, इसका अंदाजा कोई भी लगा सकता है। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने लगातार कार्य किए हैं। चाहे सड़क का विषय हो, रेल पटरी बिछाए जाने का काम हो या फिर रोजगार उपलब्ध कराया जाना हो, आदि कार्यो में पिछली सरकार से अधिक कार्य प्रतिदिन अधिक हो रहा है। जितना विकास दस साल में नहीं हुआ था, उससे कहीं अधिक कार्य दो वर्ष में हुआ है।

भ्रष्टाचार पर लगा है ब्रेक

केंद्रीय राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि जो असंभव कार्य था वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो साल में कर के दिखाया है। वो है भ्रष्टाचार को खत्म करना। उन्होंने कहा कि दो साल के अंदर उन्होंने भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर दिया है, जिससे लगातार लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी थाना तहसील और सीएमओ ऑफिस से भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ है। वो इसलिए कि ये विभाग प्रदेश सरकार के अंडर आते हैं। जब तक प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं आएगी तक इन विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार से मुक्ति नहीं मिलेगी।

पूनम महाजन ने गिनाई उपलब्धियां

मुंबई की सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन ने अपने भाषण की शुरुआत गर्मजोशी के साथ शुरू की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी योजनाओं में महिलाओं का विशेष सम्मान रखा है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने बेटे से नहीं पूछता है कि वह इतना लेट क्यों हो गया, लेकिन बेटी से जरूर पूछा जाता है। यह बात प्रधानमंत्री ने खुद उठाई थी। जनधन, किसान दुर्घटना बीमा, पेंशन योजना आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

दिया धन्यवाद

सांसद पूनम महाजन ने प्रदेश वासियों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुंबई में बगैर उत्तर भारत के लोगों के जीता नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी जीत में उत्तर भारत के लोगों का अहम रोल है। इसलिए उत्तर प्रदेश के लिए धन्यवाद देती हूं।

कार्यकर्ताओं को पढ़ाया पाठ

प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि हमें सांसद, विधायक या फिर अध्यक्ष को लेकर नाराज होकर बैठने की जरूरत नहीं है। हमें पार्टी के लिए काम करना है। हमें प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाना है। तभी हमारी प्रदेश में सरकार बनेगी। फतेहपुरसीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दो साल के कार्यकाल में चाहे युवा हो या फिर बुजुर्ग सभी के हितों के बारे में काम किया है। बुजुर्गो को पेंशन और युवाओं को नौकरी और रोजगार खोले जाने के लिए अवसर प्रदान किए हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार आएगी तो निश्चित तौर पर प्रदेश में और तेज गति से विकास हो सकेंगे। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, रामप्रताप सिंह चौहान, संजय राय, अनिल चौधरी, सोनू चौधरी, सहदेव शर्मा, राहुल चौधरी आदि मौजूद थे।

Posted By: Inextlive