- 73 दिनों से परेड ग्राउंड में धरना दे रहे 108 एम्बुलेंस सर्विस के पूर्व कर्मचारियों ने किया सचिवालय कूच

- बैरिकेडिंग पुलिस से जमकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक, कूच के दौरान दो महिला कर्मी बेहोश, पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग

DEHRADUN: 73 दिनों से समायोजन की मांग को लेकर परेड ग्राउंड में धरना दे रहे 108 एम्बुलेंस सर्विस के पूर्व कर्मी थर्सडे को उग्र हो गए। सचिवालय कूच कर रहे आंदोलनकारी पुलिस को चकमा देकर सचिवालय तक पहुंच गए। बैरिकेडिंग पर भी इनकी पुलिस से जमकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। इस दौरान दो महिला कर्मी बेहोश हुईं, जबकि कई कर्मचारियों के कपड़े भी फट गए। बैरिकेडिंग लांघने की कोशिश कर रहे कर्मचारियों को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। जिसके बाद कर्मचारियों ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर गिरफ्तारी दी। आंदोलनकारियों को सुद्धोवाला जेल ले जाया गया। जहां आंदोलनकारी धरने पर बैठे रहे।

बारिश के बाद शुरू हुआ कूच

108 के पूर्व कर्मियों का धैर्य थर्सडे को जवाब दे गया। पूर्व कर्मियों ने बिना रैली के परमिशन के सचिवालय कूच किया। करीब डेढ़ बजे बारिश रुकने के बाद आंदोलनकारी धरनास्थल से पुलिस को छकाते हुए सचिवालय तक जा पहुंचे। यहां बैरिकेडिंग पर इनकी पुलिस से जमकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। घंटों तक पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक होती रही। इस दौरान दो महिला कर्मी बेहोश हो गईं, तो कई कर्मचारियों के कपड़े तक फट गए। कुछ को हल्की चोटें भी आई हैं। महिला कर्मियों को दून हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं एक महिला पुलिसकर्मी के भी चोट आई है। बैरिकेडिंग लांघने की कोशिश कर रहे कर्मचारियों को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। जिसके बाद कर्मचारियों ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर गिरफ्तारी दी। 600 से अधिक आंदोलनकारियों को पुलिस द्वारा सुद्धोवाला जेल ले जाया गया। लेकिन आंदोलनकारी यहां भी धरने पर बैठे रहे।

ये है पूरा मामला

कर्मचारी करीब पांच माह पहले तक 108 सेवा का संचालन कर रही जीवीके कंपनी के लिए काम कर रहे थे, लेकिन इस बीच सरकार ने यह जिम्मा कैंप कंपनी को दे दिया। नई कंपनी ने इन्हें पहले जैसी तनख्वाह पर रखने से इंकार कर दिया। इन कर्मचारियों ने वहां च्वाइन नहीं किया। बीते 73 दिनों से यह कर्मचारी परेड मैदान स्थित धरनास्थल पर आंदोलन व क्रमिक अनशन कर रहे हैं।

जाम से हलकान

108 के पूर्व कर्मियों के सचिवालय कूच की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए। इसके बाद आनन फानन में परेड ग्राउंड से लेकर सचिवालय तक बैरिकेडिंग लगाकर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। पहले तो डेढ़ बजे तक जमकर बारिश हुई इस वजह से जाम लग गया। इसके बाद जैसे ही आंदोलनकारी सड़क पर निकले, तो सचिवालय तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। इस दौरान स्कूली बच्चों की छुट्टी भी हो गई, जिससे हर तरफ पुलिसकर्मियों को जाम और आंदोलनकारियों से निपटना पड़ा।

Posted By: Inextlive