China Coronavirus : चीन में बड़ी संख्या में लोग कोविड प्रतिबंधों को लेकर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी चीन के राष्‍ट्रपति को पद छोड़ने के नारे लगा रहे हैं।


झिंजियांग / बीजिंग (एएनआई)। China Coronavirus : चीन की आम जनता कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए कठोर प्रतिबंधों के खिलाफ सड़कों पर उतर आई है। जनता चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के शासन का मुकाबला करने के लिए तैयार दिख रही है। लोग राष्ट्रपति शी जिनपिंग की जीरो-कोविड पाॅलिसी के खिलाफ पूरे चीन के कई शहरों में प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें से कुछ ने उन्हें हटाने की मांग पद छोड़ो, शी जिनपिंग! पद छोड़ो, कम्युनिस्ट पार्टी! भी की। यह विरोध झिंजियांग प्रांत की राजधानी उरुमकी में एक अपार्टमेंट ब्लॉक में आग लगने की घटना के बाद शुरू हुआ। कड़े कोविड प्रतिबंधों के चलते आग की इस घटना ने 10 लोगों की जान ले ली। कोविड प्रतिबंधों को समाप्त करने की मांग
चीन में कुछ प्रदर्शनकारी लोकतंत्र की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हम तानाशाही नहीं चाहते। हम लोकतंत्र चाहते हैं। हम एक नेता नहीं चाहते। हम मतदान चाहते हैं। हम झिंजियांग के लोगों के साथ खड़े हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि अधिकांश प्रदर्शन घटना के वीडियो सामने आने के बाद शुरू हुए। इन वीडियो में दिख रहा है कि कि लॉकडाउन की वजह अग्निशामकों को पीड़ितों तक पहुंचने में देरी हुई। रविवार शाम तक दर्जनों विश्वविद्यालय परिसरों में छात्रों ने प्रदर्शन किया या विरोध पोस्टर लगा दिए। विरोध चेंगदू, ग्वांगझू और वुहान में भी फैल गया। यहां निवासियों ने भी कोविड प्रतिबंधों को समाप्त करने का आह्वान किया।

Posted By: Shweta Mishra