- 24 घंटे बाद भी नहीं बदला जा सका ट्रांसफार्मर, आक्रोशित पब्लिक सड़क पर उतरी

-बिजली सप्लाई रूकने से पानी आना भी हुआ बंद

-खजांची एरिया के लोगों का हुआ जीना मुश्किल

GORAKHPUR: उमस भरी गर्मी से जहां पब्लिक बेहाल है, वहीं बिजली अपना खेल खूब कर रही है। खजांची के पास लगा ट्रांसफार्मर जल गया। इसके बाद हुई बिजली कटौती से शनिवार को लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोग खजांची स्थित फातिमा बाईपास तिराहे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किए और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जाम की वजह से चंद मिनटों में दोनों तरफ गाडि़यों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस भीड़ को हटाने की कोशिश की। बिजली निगम और पुलिस के आश्वसन के बाद जाम खुलवाया गया। सप्लाई रूकने की वजह से लोगों को पेयजल की दिक्कत का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि खजांची में जो ट्रांसफार्मर लगा है वह अचानक जल गया था। उसे बदलने के लिए बिजली निगम के अफसरों से शिकायत की गई थी लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।

ओवरलोड से जल गया ट्रांसफार्मर

शुक्रवार को हरसेवकपुर स्थित शिव मंदिर टोला में लगा ट्रांसफार्मर ओवरलोड की वजह से करीब 4 बजे जल गया था। 24 घंटें बाद भी ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका। जबकि बदलने के लिए दोपहर में ही बिजली निगम के अफसरों को सूचना दी गई। लेकिन उन्होंने कोई रूचि नहीं दिखाई। शनिवार को पब्लिक सड़क पर उतर आई। शाम को लोगों ने खजांची मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर आश्वासन दिया कि जल्द ही इसे बदलने का इंतजाम किया जा रहा है। बिजली निगम के अफसर भी मौके पर थे।

बत्ती गुल होने से 7 सौ परिवार प्रभावित

ट्रांसफार्मर जलने से हरसेवकपुर, शिव मंदिर टोला, बजरंगधाम, जागृति नगर कॉलोनी आदि कई इलाके में सप्लाई बंद हो गई। इससे करीब 7 सौ परिवार बिना बिजली और पानी के था। इलाके के लोगों का कहना था कि शुक्रवार की शाम चार बजे ट्रांसफार्मर जलने से बिजली सप्लाई ठप हो गई। इस संबंध में बिजली निगम के जेई के मोबाइल पर कॉल की गई लेकिन रिस्पांस नहीं मिला। बाद में आला अफसरों को इसकी जानकारी दी गई। ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने का आश्वासन दिया गया लेकिन रात बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई जगह बिजली ने रूलाया

शहर में बिजली ट्रिप होने का सिलसिला जारी है। इसकी वजह से पब्लिक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शनिवार को बक्शीपुर उपकेंद्र से जुड़े इलाके की सप्लाई घंटों प्रभावित रही। वहीं पादरी बाजार, शिवपुर सहबाजगंज, राप्तीनगर, बशारतपुर, खोराबार, नार्मल, तारामंडल इलाके में बिजली के आने-जाने की आंख मिचौली चलती रही। इससे इलाके के लोगों को उमस भरी गर्मी में दो चार होना पड़ा। कई लोगों ने तो बिजली की आवाजाही को लेकर निगम के अफसरों के पास कॉल की लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसे लेकर लोगों में काफी गुस्सा रहा।

वर्जन

दोपहर में ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी मिली। इसके बाद नये ट्रांसफार्मर के लिए वर्कशॉप के एसडीओ से बात की गई। पुराना ट्रांसफार्मर उतरवा कर नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। जल्द ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

कमलेश गौड़, जेई

Posted By: Inextlive