सफाई अभियान के दौरान काटी अंडरग्राउंड केबल

अशोक नगर में पोल में उतरा करंट

ALLAHABAD: गुरुवार को पारा 42 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया। इसके बाद बिजली की डिमांड बढ़ी तो उपकेंद्र हांफने लगे। इसके चलते लाइट गुल हुई तो पब्लिक फ्यूज हो गई और हंगामा खड़ा कर दिया। एक स्थान पर सड़क की सफाई के दौरान अंडर ग्राउंड बिछाई गई 33 केवी की केबल कट जाने से तेज स्पार्किंग हुई और झाडि़यों में आग लग गई तो मजदूर भाग खड़े हुए। अशोक नगर में पोल में करंट उतरने से हड़कंप मच गया।

लगातार हो रही घटनाएं

केबल जलने से करेली क्षेत्र की बिजली कट गई। अधिकारियों ने जैसे-तैसे आपात आपूर्ति चालू कर मरम्मत का काम शुरू कर दिया। इसी क्रम में केबल बक्सा जलने से बेली उपकेंद्र से घंटों आपूर्ति ठप रही। इसके चलते दर्जनों मुहल्ले में रहने वाले लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा। आपूर्ति शुरू होने में शाम चार बज गए। सिविल लाइंस उपकेंद्र अंतर्गत अशोक नगर इलाके में पोल में करंट आने से खलबली मच गई, जिससे आनन फानन में आसपास के इलाकों की बिजली काट दी गई।

वसूली के विरोध में हंगामा

गुरुवार को करेली क्षेत्र में अभियान के दौरान लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हो सका। बिजली विभाग के मुताबिक इलाके में चार सौ से अधिक एक लाख से अधिक के बकाएदार हैं। इसी के चलते एसडीओ रविंद्र पाल ने अकबरपुर क्षेत्र में बकाएदारों से वसूली अभियान चलाया। कटिया उतारने के दौरान दो बजे अचानक भीड़ जुटी और सैकड़ों लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।

बॉक्स

खुशरोबाग उपकेंद्र में तीन घंटे कटौती

अधिशासी अभियंता राम कुंजन ने बताया कि शुक्रवार को अति आवश्यक अनुरक्षण कार्य के चलते खुशरोबाग उपकेंद्र से सुबह दस से एक बजे तक आपूर्ति ठप रहेगी। उन्होंने इस उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों के उपभोक्ताओं से कटौती से पूर्व पानी आदि की व्यवस्था करने की अपील की है।

Posted By: Inextlive