- शुक्रवार से ही 5 एमवीए का मुख्य ट्रांसफॉर्मर है खराब, अभी आज भी नहीं शुरू होगी आपूर्ति

- अधिकारियों ने मंगलवार तक ट्रांसफॉर्मर दुरुस्त किए जाने की संभावना जताई

URUVA BAZAR: रानीपुर विधुत उपकेन्द्र में लगे 5 एमवीए के मेन ट्रांसफॉर्मर को तीन दिन बाद भी विभाग दुरुस्त नहीं करा सका। इस तरह शुक्रवार की शाम गुल हुई बत्ती रविवार की रात तक नहीं जल पाई। उपकेन्द्र से जुड़े 170 गांवों के लोग आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं। वहीं अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर दुरुस्त करने में अभी और समय लगेगा। मंगलवार तक आपूर्ति शुरू हो सकती है।

अचानक फुंक गया ट्रांसफॉर्मर

रानीपुर विद्युत उपकेन्द्र के 5 केवीए के मेन ट्रांसफॉर्मर से ही 170 गांवों को बिजली सप्लाई होती है। शुक्रवार शाम में ट्रांसफॉर्मर अचानक फुंक गया। इसी के साथ इससे जुड़े गांवों में आपूर्ति ठप हो गई। पहले तो अधिकारियों ने कोई पहल ही नहीं की लेकिन जब लोगों ने दबाव बनाना शुरू किया तो अधिकारी जागे और ट्रांसफॉर्मर ठीक कराने के लिए पहल की। इसके बाद भी रविवार की देर रात तक आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी।

व्यवसाय भी प्रभावित

कुरौली, नौकौझा, पचौहा, गजपुर, रानीपुर आदि गांवों में शुक्रवार को रात 8 बजे से ही आपूर्ति ठप है। अभी गर्मी का मौसम शुरू ही हुआ है इसलिए लोगों को गर्मी से तो बहुत दिक्कत नहीं है लेकिन रात में रोशनी भी छिन गई है। वहीं टीवी आदि उपकरण बेकार हो गए हैं। सबसे अधिक परेशानी व्यवसायियों को हो रही है। क्षेत्र में बिजली से ही कई आटा चक्की व अन्य उद्योग चलते हैं। बिजली नहीं रहने से सब ठप है।

नहीं सुनता विभाग

क्षेत्र के लालचन्द, श्रीराम त्रिपाठी, प्रमोद त्रिपाठी, राजू त्रिपाठी, कृष्ण मुरारी त्रिपाठी, राजकिशोर त्रिपाठी, शिवा जी त्रिपाठी, पुष्पा त्रिपाठी आदि लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारी शिकायत नहीं सुनते। गांव में छोटे फाल्ट दूर करने में भी रूचि नहीं दिखाते। चंदा लगाकर खुद से ठीक कराना पड़ता है। अभी जो समस्या है वह विभाग ही दूर करा सकता है। ऐसे में वे लोग बार-बार विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। और कर ही क्या सकते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि विभाग रूचि दिखाता तो फॉल्ट के बाद कई दिनों तक गांवों में अंधेरा नहीं रहता।

अधिकारिओ से जल्द से जल्द छेत्र में विधुत आपूर्ति बहाल करने की माग की हैं।

मेन ट्रांसफॉर्मर को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को दिनभर कोशिश की गई। वरीय अधिकारियों से बात की जा रही है। मंगलवार तक क्षेत्रवासियों को आपूर्ति मिल जाने की पूरी संभावना है।

- अखिलेश सिंह, जेई, रानीपुर विद्युल उपकेन्द्र

-----

उपकेन्द्र में लगी आग, दोनों फीडर जले

- अचानक गर्म हो जल गए इनकमिंग, आउटगोइंग फीडर, सैकड़ों गांवों में छाया अंधेरा

SARDAR NAGAR: चौरी चौरा क्षेत्र के सरदारनगर विद्युत उपकेन्द्र पर रविवार को सुबह 6 बजे अचानक फीडर में आग लग गई। धुआं निकलता देख कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि खुद ही बिजली सप्लाई ठप हो गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सोमवार को देर शाम तक नए फीडर से सप्लाई शुरू किए जाने के आसार हैं।

लोड से गर्म हो गए फीडर

उपकेन्द्र का भौवापार नार्थ फीडर रविवार को सुबह अधिक लोड के कारण गर्म हो गया। कर्मचारियों का उस पर ध्यान नहीं गया और उसमें आग लग गई। कर्मचारियों ने धुआं देखा तो अफरातफरी मच गई। उपकेन्द्र में आग लगने से बड़ी क्षति तो होती ही, आसपास के इलाके भी उसकी चपेट में आ सकते थे। आनन-फानन में बिजली काटने की कोशिश की गई। लेकिन खुद ही आपूर्ति कट गई। फीडर जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इनकमिंग और आउटगोइंग दोनों फीडर पूरी तरह जल गए हैं। आग की सूचना उपकेन्द्र के कर्मचारियों ने विभाग के वरीय अधिकारियों को दी। रविवार को देर शाम तक उपकेन्द्र पर जिले से कुछ इंजीनियर पहुंचे थे। उन्होंने फॉल्ट को देखा। बताया कि खराबी दूर नहीं की जा सकती। नया फीडर लगाना होगा। इधर, फीडर फुंकने से सैकड़ों गांवों में आपूर्ति बाधित है। रविवार को पूरी रात लोगों ने अंधेरे में काटी।

जिले से अधिकारी आए थे। कल शाम तक नया फीडर आ जाएगा और आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

- रवि प्रताप सिंह, जेई, सरदारनगर विद्युत उपकेन्द्र

Posted By: Inextlive