आम आदमी पार्टी के 10 विधायकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में मंत्री पद की शपथ ली। पंजाब में मुख्यमंत्री के रूप में भगवंत मान ने 16 मार्च को शपथ ली थी।

चंडीगढ़ (एएनआई)। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा और कुलदीप सिंह धालीवाल सहित पंजाब में शनिवार को 10 मंत्री मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट में शामिल हुए। मंत्रियों ने चंडीगढ़ के राजभवन में शपथ लिया। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
हरियाणा के राज्यपाल भी शपथग्रहण समारोह में
चीमा और धालीवाल के अलावा मंत्री पद की शपथ लेने वाले आप विधायकों में डाॅ. बलजीत कौर, भरभजन सिंह ईटीओ, डाॅ. विजय सिंगला, लाल चंद कटरूचक, गुजमीत सिंह मीट हायर, लालजित सिंह भुल्लर, ब्रह्म शंकर जिंपा और हरजोत सिंह बैंस शामिल थे। शपथ ग्रहण समाराेह में मुख्यमंत्री मान के अलावा हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय भी मौजूद थे। इस मौके पर पंजाब सीएम की बेटी सीरत कौर मान और बेटा दिलशान मान मौजूद रहे।
एक दिन पहले ट्वीट करके सीएम ने दी जानकारी
भगवंत मान ने शुक्रवार को ट्वीट करके बताया, 'पंजाब की नई कैबिनेट कल शपथ लेगी। उन सभी मंत्रियों को बहुत-बहुत बधाई जो आप सरकार में होंगे। साथ ही कहा कि पंजाब के लोगों ने हम सभी को एक बड़ी जिम्मेदारी दी है, हमें लोगों की सेवा करनी है। हम दिन-रात मेहनत कर उन्हें एक अच्‍छी और ईमानदार सरकार देंगे।'

पंजाब का नया मंत्रिमंडल कल शपथ ग्रहण करेगा। पंजाब की AAP सरकार में होने वाले सभी मंत्रियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।
पंजाब की जनता ने हम सबको बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी दी है, हमें दिन-रात मेहनत कर लोगों की सेवा करनी है, पंजाब को एक ईमानदार सरकार देनी है। हमें रंगला पंजाब बनाना है। pic.twitter.com/Z5wDmD9Zpg

— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) March 18, 2022
पंजाब के विधानसभा चुनाव में आप को 92 सीटें
प्रोटेम स्पीकर डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने 17 मार्च को मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित सभी नए विधायकों को विधानसभा के सदस्य के तौर पर शपथ दिलाई थी। साथ ही 16 मार्च को भगवंत मान ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। पंजाब विधानसभा चुनावों में आप को 92 सीट मिली थी।

Posted By: Kanpur Desk