Punjab Assembly Elections 2022 : आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में 70 से 80 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की।


नई दिल्ली (एएनआई)। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2022 में होने हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में सीटों का एक बड़ा हिस्सा रखने की संभावना है और 70-80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में 117 सीटों वाले पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा के शीर्ष सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, हम आपसी सहमति से सीट बंटवारे कर रहे हैं। यह तय नहीं हुआ है कि गठबंधन का चेहरा कौन होगा। पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और बीजेपी एक बड़े विकल्प के तौर पर उभर रही है। लोग कैप्टन अमरिंदर का सम्मान भी करते हैं क्योंकि वह एक सच्चे देशभक्त हैं।


बीजेपी और पंजाब लोक कांग्रेस के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी

सूत्रों ने कहा कि भाजपा कभी भी मुख्यमंत्री पद के चेहरे के आधार पर चुनाव नहीं लड़ती है। हालांकि सीटों पर अंतिम फैसला बाकी है। कैप्टन अमरिंदर पंजाब की राजनीति के अनुभवी खिलाड़ी हैं। दो बार सत्ता में रहने के बाद कैप्टन को मालवा, माझा और दोआबा तीनों क्षेत्रों की जमीनी स्तर की राजनीति की बेहतर समझ है। वह कांग्रेस की खामियों को भी जानते हैं और पिछले चुनावों में पार्टी कहां कमजोर थी। कैप्टन को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की कमजोरी का भी अंदाजा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक के बाद शेखावत ने कहा, सात दौर की बातचीत के बाद, मैं पुष्टि करता हूं कि बीजेपी और पंजाब लोक कांग्रेस आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ने जा रही है। सीट बंटवारे का फैसला सीट दर सीट के आधार पर लिया जाएगा

विधानसभा सीट शेयर जैसे विषयों पर बाद में चर्चा की जाएगी। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, पंजाब लोक कांग्रेस मुख्य कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, हम तैयार हैं और हम यह चुनाव जीतने जा रहे हैं। सीट बंटवारे का फैसला सीट दर सीट के आधार पर लिया जाएगा, जिसमें जीत प्राथमिकता होगी। हम इस चुनाव को जीतने के लिए 101 प्रतिशत सुनिश्चित हैं। 2 नवंबर को, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया और 10 साल बाद शिअद-भाजपा सरकार को बाहर कर दिया। आम आदमी पार्टी 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में 20 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। शिअद केवल 15 सीटें ही जीत सकी जबकि भाजपा को 3 सीटें मिलीं।

Posted By: Shweta Mishra