- हथियारों से लैस पांच बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

- विरोध करने पर बदमाशों ने की फायरिंग

- व्यापारियों ने किया मेडिकल थाने का घेराव

मेरठ : शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। दिन दिहाड़े बाइक व कार सवार हथियारों से लैस बदमाशों ने ज्वैलरी की शॉप में 15 लाख रुपये की कीमत के सोने के आभूषण लूट लिए। विरोध करने पर शॉप मालिक पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने घटनास्थल का जायजा लिया। मेडिकल थाने में मामला दर्ज किया गया।

क्या है मामला

यह घटना गुरुवार दोपहर 2.45 मिनट की है। शास्त्रीनगर पीवीएस के पीछे आई ब्लॉक में फूलबाग कालोनी निवासी महेंद्र शर्मा की कमला जी के नाम से ज्वैलरी शॉप है। उनके साथ उनका भाई अरविंद शर्मा भी शॉप में बैठते हैं। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश उनकी शॉप पर पहुंचे। दो बदमाश शॉप से दूर रेकी करने के लिए खड़े हो गए।

बदमाशों ने पहले किया रेट

शॉप पर पहुंचे तीनों बदमाशों ने अरविंद व महेंद्र से सोने की बाली के रेट के बारे में जानकारी हासिल करने लगे। इसके बाद बदमाशों ने सोने का लाकेट देखा। तीनों बदमाशों ने मौका देखकर शॉप पर मौजूद दोनों भाईयों को हथियारों के बल पर कवर कर लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए शॉप में रखे हुए आभूषण बैग में भर लिए।

महिला ने मचाया शोर

इसी दौरान शॉप में मौजूद एक महिला ने शोर मचा दिया। इसके बाद अरविंद ने बहादुरी का परिचय देते हुए बदमाशों पर ज्वैलरी का बक्सा फैंककर मारा। जिससे गुस्साए बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। उसके बाद माल लेकर फरार हो गए। दोनों भाई ने काउंटर के नीचे छिप कर अपनी जान बचाई। एक गोली शॉप के बराबर वाली टेलीकाम की दुकान के काउंटर पर लगी। जिससे वहां पर मौजूद आकाश भी गोली लगने से बच गया।

चार्ज संभालते ही डकैती

दरोगा असलम ने पुलिस लाइन से मेडिकल थाने का गुरुवार को चार्ज संभाला है। चार्ज लेते ही कुछ ही घंटों में उनके क्षेत्र में डकैती पड़ गई। यही नहीं घटना स्थल से 20 कदम दूरी पर ही मेडिकल थाने की पुलिस पिकेट है। इसके बाद भी बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।

व्यापारियों में रोष

ज्वैलरी की शॉप पर दिन दिहाड़े डकैती पड़ने की सूचना से व्यापारियों में खलबली मच गई। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, कमल ठाकुर, मंत्री गौरव शर्मा, विपुल सिंघल, उपाध्यक्ष सरदार दलजीत सिंह समेत काफी व्यापारी मेडिकल थाने पहुंचे.उन्होंने घटना के खुलासे की मांग की।

पुलिस से क्राइम कंट्रोल नहीं हो रहा है। अगर पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया तो व्यापारी सड़क पर उतरने पर मजबूर होंगे।

-नवीन गुप्ता, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष

मेडिकल थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बदमाशों का सुराग लगा रही है। उम्मीद है कि लुटेरे जल्द पकड़े जाएंगे।

-आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive