- 5 लाख 38 हजार भवन स्वामी शहर में

- 2 से 2.50 लाख भवन स्वामी जमा करते टैक्स

- 8 जोन में बंटा है नगर निगम क्षेत्र

- नगर निगम प्रशासन कर रहा है हरियाली पर फोकस

- मेयर की ओर से पहल, कार्यकारिणी फिर सदन में लाया जाएगा प्रस्ताव

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW: नगर निगम प्रशासन की ओर से एक तरफ जहां शहर को स्मार्ट बनाने की कवायद की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ हरियाली विकसित करने पर भी खासा फोकस किया जा रहा है। निगम प्रशासन की ओर से की जा रही प्लानिंग से साफ है कि घर के बाहर या पार्क में कम से कम दो पौधे लगाने वालों को टैक्स में राहत देने के साथ-साथ अन्य विशेष सुविधाएं भी दी जाएंगी। इस प्रस्ताव को मेयर की ओर से कार्यकारिणी फिर सदन में लाया जाएगा।

हरियाली भी मुख्य बिंदु

आधुनिकता के इस युग में शहर में हर तरफ कंक्रीट के जंगल ही नजर आते हैं। धीरे-धीरे हरियाली लापता हो जा रही है। वहीं स्मार्ट सिटी के तहत शहर में हरियाली को भी विकसित किया जाना है। इसे ध्यान में रखते हुए ही निगम प्रशासन की ओर से हरियाली पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जिससे शहर में हर तरफ हरियाली नजर आए।

टैक्स में राहत

निगम प्रशासन की ओर से जो प्लानिंग हो रही है, उससे साफ है कि जो भी व्यक्ति अपने घर के बाहर दो पौधे लगाएगा, उसे टैक्स में कुछ स्पेशल राहत दी जाए। वहीं जो लोग फ्लैट में रह रहे हैं, वे पार्क में पौधरोपण करें। उन्हें भी हाउस टैक्स में राहत दी जा सकती है।

कार्यकारिणी फिर सदन

निगम प्रशासन की ओर से पहले यह प्रस्ताव तैयार करके मेयर के पास भेजा जाएगा। उसमें जरूरी संशोधनों के बाद इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी फिर सदन में लाया जाएगा। कार्यकारिणी और सदन की ओर से प्रस्ताव को पास किए जाने के बाद तत्काल सुविधा को लागू कर दिया जाएगा।

अभी तय नहीं

हालांकि निगम प्रशासन की ओर से यह तय नहीं किया गया है कि टैक्स में कितने प्रतिशत की राहत दी जाएगी। इस बिंदु पर गहन मंथन किया जा रहा है। यह भी प्लानिंग है कि हर साल टैक्स पर दस प्रतिशत की मिलने वाली छूट में कुछ बढ़ोत्तरी की जा सकती है।

वर्जन

शहर में हर तरफ हरियाली आए, इसको लेकर हम प्रयासरत हैं। हमारी ओर से कई बिंदुओं पर प्लानिंग बनाई जा रही है, जिसमें टैक्स में राहत भी शामिल है। जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

संयुक्ता भाटिया, मेयर

Posted By: Inextlive