देश की राजधानी दिल्ली में बीते दो दिन से देश भर से हजारों किसान जुटे हैं। वे फसलों के उचित दाम और कर्जमाफी की मांग कर रहे हैं। कल भी रामलीला मैदान से संसद मार्ग तक मार्च निकाला। वहीं इनकी मांगों का कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी समर्थन किया है।

नई दिल्ली (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली पहुंचे देश भर से नाराज किसानों की मांगों का कई राजनैतिक दल समर्थन कर माेदी सरकार को घेर रहे हैं। कल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की मांगों को जायज ठहराया। राहुल ने विपक्ष के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में किसानों के पक्ष में विपक्षी एकजुटता का वचन दिया। उन्होंने कहा कि आप लाेग परेशान न हों। हम सब आपके साथ हैं। आपके लिए चाहे कानून बदलना हो या प्रधानमंत्री, कर्ज माफ करने के लिए जो भी करना होगा हम हर हाल में करेंगे। जो सरकार किसानों का अनादर करती है तो उसे उखाड़ फेंकना है। अब वही होने भी जा रहा है।

रामलीला मैदान से संसद मार्ग तक मार्च

बता दें कि कल भी हजारों किसानों ने फसलों के उचित दाम और कर्जमाफी की मांग को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान से संसद मार्ग तक मार्च निकाला।
महिला व पुरुष किसानों ने अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति (एआईकेएससीसी) द्वारा आयोजित इस मार्च में भाग लिया था। उनके हाथाें में विभिन्न बैनरों, झंडों और तख्तियां थीं। कर्ज की वजह से आत्महत्या कर चुके कई किसानों के परिजन अपनों की फोटो लटकाकर रैली में हिस्सा ले रहे थे।इस दौरान किसाना केंद्र में भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारे लगा रहे थे। एआईकेएससीसी की यह चौथी बड़ी रैली थी।

किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाए

इस दौरान स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के नेता और महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हटकांगला के सांसद राजू शेट्टी ने कहा कि पीएम मोदी अगर अपने किसान विरोधी नीतियों पर ही चलेंगे तो वह 2019 में सत्ता में नहीं आएंगे। इसके साथ ही दो निजी विधेयक पारित करवाने के लिए संसद के विशेष सत्र की मांग की। वहीं स्वराज इंडिया के योगेंद्र यादव ने भी लोगों को संबोधित किया। किसानों की मांग है कि उनका कर्ज पूरी तरह से माफ किया जाए। फसलों की लागत का डेढ़ गुना मुआवजे दिया जाए। किसानों को पेंशन मुहैया कराई जाए। इतना ही नहीं स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को भी लागू किया जाए।

दो दिवसीय आंदोलन : दिल्ली में जुटे देश भर से किसान बोले, सरकार पूरी करे हमारी मांग

महाराष्ट्र : मुंबई में हजारों किसान कर रहे विराेध-प्रदर्शन, ये हैं अन्नदाताओं की मांगे

Posted By: Shweta Mishra