जमशेदपुर। लौहनगरी में बुधवार की सुबह भी मौसम का मिजाज बदला रहा। आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन नौ बजे के बाद धूप खिली। दिनभर धूप खिली रहने के कारण लोग गर्मी से परेशान रहे। मंगलवार की रात को भी कहीं-कहीं बारिश हुई थी।

कोल्हान में रोज होगी बारिश

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार से कोल्हान में रोज बारिश होगी। इनमें पश्चिम सिंहभूम जिले में कुछ अधिक बारिश होने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहने के कारण शहर का अधिकतम तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस बढ़ा गया। शाम ढलते ही मौसम फिर बदला और आसमान में बादल गरजने लगे। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.3 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस था।

घटी बारिश की रफ्तार

कोल्हान के तीनों जिलों में बारिश की रफ्तार घटी है। पिछले 18 जून को जहां पूर्वी सिहंभूम जिले में सामान्य से 37 प्रतिशत, पश्चिम सिंहभूम में सामान्य से 47 और सरायकेला-खरसावां जिले में सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक बारिश हुई थी, वहीं 24 जून को यह प्रतिशत घट गई। बुधवार को मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य से 10 प्रतिशत, पश्चिम सिंहभूम में 13 और सरायकेला-खरसावां जिले में सामान्य से मात्र तीन प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में क्षेत्र में अच्छी बारिश होगी।

जून में अब तक हुई बारिश

जिला - बारिश हुई - औसत बारिश - प्रतिशत

पूर्वी सिंहभूम - 195.6 - 177.1 - 10

पश्चिम सिंहभूम - 163.8 - 145.4 - 13

सरायकेला-खरसावां - 163.5 - 158.8 - 03

Posted By: Inextlive