RANCHI: दिल्ली से रांची आ रही राजधानी एक्सप्रेस में बेहद शर्मनाक घटना हुई। एक लड़की की आबरू पर हमला किया गया। हमला करने वाला भी कोई और नहीं बल्कि रेलवे का स्टॉफ निकला है। नशे में धुत टीटीई एनआर सरोज और पैंट्री स्टाफ वीर बहादुर सिंह ने बोगी के बाथरूम के पास इस लड़की के साथ अश्लील हरकत की और उसकेसाथ मोलेस्ट्रेशन की घटना को अंजाम दिया। पीडि़त युवती ने ट्वीट कर इसकी जानकारी रेलमंत्री पीयूष गोयल को दी। ट्रेन के जिस टीटीई पर यह गंभीर आरोप लगा है वह रांची डिवीजन का है। जिसके बाद रांची डिवीजन के डीआरएम ने घटना की जांच का आदेश दिया है। साथ ही दोषी टीटीई को सस्पेंड करने के साथ ही आरोपी पैंट्री स्टाफ वीर बहादुर सिंह को भी नौकरी से निकाल दिया गया है।

क्या है मामला

पीडि़त लड़की राजधानी एक्सप्रेस के कोच-9 में जर्नी कर रही थी। आरोप है कि इस दौरान टीटीई एनआर सरोज और पैंट्री स्टाफ वीर बहादुर सिंह ने आइसक्रीम में नशीली चीज खिलाकर उसके साथ छेड़खानी की। इसके बाद पीडि़ता ने ट्विटर पर रेल मंत्री पीयूष गोयल, पीएमओ, सीएम रघुवर दास और झारखंड भाजपा को टैग कर घटना की जानकारी दी। फिलहाल मामले में जांच पड़ताल जारी है।

बोगी 9 में नहीं था सीसीटीवी

घटना की जांच में सामने आया है कि बोगी 9 में सीसीटीवी लगा ही नहीं थी। जबकि अन्य बोगियों में सीसीटीवी लगा है। ऐसे में अकेल बोगी 9 में सीसीटीवी का नहीं लगा होना रेलवे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। चीफ कमर्शियल इंसपेक्टर विकास कुमार के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की गयी है। सूत्रों की मानें तो टीटीई एनआर सरोज ने यह स्वीकार कर लिया है कि उसने पीडि़ता को आइसक्रीम खिलाया था लेकिन उसने रेप अटैंप की घटना से इंकार किया है।

महिलाएं ट्रेन में अनसेफ

देश की सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस का टिकट लेकर यदि आप अपनी यात्रा को सुरक्षित समझते हैं, तो आप गलतफहमी में हैं। खासकर महिलाएं इस ट्रेन में बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। इस वीआईपी ट्रेन में महिलाओं के साथ कभी कोई 'गंदी बात' करता है तो कभी उनके साथ छेड़छाड़ किये जाने की घटना सामने आ रही है। लगातार महिला यात्रियों के साथ इस तरह की घटना का सामने आना चिंता बढ़ाने वाली बात है।

राजधानी एक्सप्रेस में पहले भी लग चुके हैं कई दाग

-15 अक्टूबर 2017 को नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में रात में सफर कर रही एक महिला यात्री के साथ शराब के नशे में धुत पैंट्रीकार के वेंडर ने छेड़खानी की थी।

-27 मार्च 2018 को इसी एक्सप्रेस ट्रेन में जर्नी कर रही रांची की महिला काल्पनिक नाम (सोनी) से सेना के दो जवानों ने छेड़छाड़ की थी। उसने इसकी शिकायत रेलवे बोर्ड से भी की थी।

- 7 अगस्त 2019 को दिल्ली से रांची आ रही राजधानी एक्सप्रेस में नशीला पदार्थ खिलाकर एक और लड़की से छेड़खानी का मामला सामने आया था, जिसमें टीटीई और पैंट्री कार वाले पर आरोप लगा है।

पीडि़ता ने ट्वीट कर किया कंप्लेन क्लोज

डिवीजन ऑपरेशन मैनेजर कम सीपीआरओ नीरज कुमार ने बताया कि पीडि़ता ने अपने परिवार और पर्सनल गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए कंप्लेन वापस लेने का निर्णय लिया है। पीडि़ता ने डीआरएम रांची के सपोर्ट से संतुष्टि जताते हुए ट्वीट कर कंप्लेन क्लोज करने की बात कही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी है लेकिन सोशल मीडिया पर फैली खबर के दवाब में रेलवे ने जांच शुरू करते हुए सस्पेंशन की कार्रवाई कर दी है। मामले की जांच अभी जारी है।

Posted By: Inextlive