- प्रदेश में परिवहन निगम का बस बेड़ा- 12500 बसें

- पिछले वर्ष फ्री सफर करने वाली महिला यात्रियों की संख्या-11 लाख से अधिक

- जिन्होंने पहले से करा रखी है बुकिंग, उनकी धनराशि वापस की जाएगी

- वाल्वो, स्कैनिया, शताब्दी, जनरथ और साधारण बस सेवा समेत सभी बसों में कर सकेंगी फ्री सफर

LUCKNOW:

महिला यात्रियों को रक्षाबंधन के दिन रोडवेज की बसों में फ्री सफर मिलना तय हो गया है। प्रदेश सरकार की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि पिछले साल की तरह इस साल भी रोडवेज बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाएं फ्री सफर कर सकेंगी। रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन टिकटिंग के माध्यम से जिन महिलाओं ने एडवांस बुकिंग कराई है, उनकी धनराशि वापस की जाएगी।

सभी बसों में मिलेगी सुविधा

परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार 25 अगस्त की रात 12 बजे से 26 अगस्त (24 घंटे के लिए) की रात बारह बजे तक प्रदेश में महिला यात्रियों को फ्री सफर की सुविधा मिलेगी। परिवहन निगम के महाप्रबंधक (मुख्यालय) राजेश वर्मा ने बताया कि महिलाएं इस दौरान वॉल्वो, स्कैनिया, शताब्दी, जनरथ और साधारण बसों में बिना पैसा दिए सफर कर सकेंगी। रक्षाबंधन को देखते हुए 24 से 29 अगस्त तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इस अवधि में मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, इलाहाबाद, वाराणसी आदि जगहों से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

ठीक से हो संचालन

परिवहन निगम के महाप्रबंधक (मुख्यालय) राजेश वर्मा ने बताया कि सीएम के निर्देश पर फ्री सुविधा का निर्णय लिया गया है। रक्षाबंधन के त्योहार के देखते हुए सभी डिपो के आरएम को निर्देशित किया गया है कि वे बसों की साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था कर ही संचालन कराएं। साथ ही जिन जगहों के लिए यात्रियों की भीड़ अधिक है, उन पर प्राथमिकता से बसों का संचालन किया जाए जिससे यात्रियों को सफर के लिए परेशान ना होना पड़े।

कोट

परिवहन निगम में इस बार भी महिला यात्रियों को रक्षाबंधन पर फ्री सफर की सुविधा मिलेगी। बसों में महिला ऑनलाइन सीट बुक करा सकती हैं।

पी गुरु प्रसाद

एमडी, परिवहन निगम

Posted By: Inextlive