ALLAHABAD: कटरा : राम वाटिका परिसर के भव्य मंच पर शुक्रवार को सीता जी द्वारा धनुष पूजा, जनकपुर में राम-लक्ष्मण व विश्वामित्र का स्वागत जैसे प्रसंगों का मंचन हुआ। राम-लक्ष्मण को लेकर मुनि विश्वामित्र जनकपुरी पहुंचते हैं। धनुष यज्ञ में बड़े-बड़े राजाओं के साथ रावण भी पहुंचा, लेकिन भगवान शंकर का विशाल धनुष कोई नहीं तोड़ सका। राजा जनक निराश हो गए तब विश्वामित्र की आज्ञा पर प्रभु श्रीराम ने धनुष को तोड़ दिया। धनुष के टूटते ही मंच के सामने बैठे दर्शक जय श्रीराम का जयकारा लगाने लगे। धनुष टूटने से क्रोधित परशुराम को प्रभु ने अपना दिव्य स्वरूप दिखाकर उनके गुस्से को शांत किया।

पथरचट्टी : परिसर स्थित लीला स्थल पर फुलवारी लीला, गौरी पूजा, धनुष यज्ञ व बारात निमंत्रण के प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुति हुई। महाराज जनक केदरबार में कई देशों के राजा सीता स्वयंवर के लिए पहुंचे। शिव के धनुष को तोड़ने का सबका प्रयास असफल रहा तो गुरु विश्वामित्र के निर्देश पर शुभ मुहूर्त में प्रभु श्रीराम ने पलभर में धनुष तोड़ दिया। यह देख राजा जनक की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। तब सीता ने प्रभु के गले में जयमाल डाला। इसके बाद क्रोध से लाल परशुराम का आगमन हुआ। लक्ष्मण व परशुराम का संवाद दर्शकों को रोमांचित करता है। बाद में परशुराम ने प्रभु की महिमा पहचानी और उन्हें प्रणाम कर रवाना हुए।

पजावा : भगवान राम, लक्ष्मण व पवनसुत की श्रृंगार की सवारी पूरे साजो श्रृंगार के साथ शाहगंज स्थित राम मंदिर से निकली। जो शाहगंज, घंटाघर, लाल डिग्गी, कोतवाली व रानी मंडी होते हुए अतरसुईया स्थित मंचन स्थल पर पहुंची। जहां लाइट एंड साउंड सिस्टम के जरिए फुलवारी लीला से लेकर धनुष यज्ञ तक के प्रसंगों का कलाकारों ने मंत्रमुग्ध कर देने वाला अभिनय किया। समापन के मौके पर दर्शकों ने जमकर जय श्रीराम का जयकारा भी लगाया।

दारागंज : श्री दारागंज रामलीला कमेटी की ओर से अलोपीबाग स्थित लीला स्थल पर भरत मिलाप लीला का मंचन हुआ। लीला संयोजक आचार्य शिव मंगल दास की अगुवाई में प्रभु श्रीराम से मिलने के लिए भरत अयोध्या पुरी पहुंचते हैं और उनसे वापस लौटने का अनुरोध करते हैं। लेकिन भरत निराश हो गए और बड़े भाई की खड़ाऊ लेकर वापस लौट जाते हैं।

सिविल लाइंस में नहीं हुई लीला

श्री श्री बाल रामलीला समिति सिविल लाइंस की ओर से लीला स्थल पर शुक्रवार को राम वनवास, केवट संवाद व सीता हरण जैसे प्रसंगों का मंचन होना था। लेकिन शाम को हुई जोरदार बारिश ने मंचन को रद कर दिया गया। समिति के मीडिया प्रभारी आनंद दुबे ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण मंचन नहीं किया जा सका।

Posted By: Inextlive